रिद्धिमा नहीं पहुंच पाईं ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में, आलिया ने वीडियो पर ही कराए अंतिम दर्शन
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने गुरुवार सुबह 8:42 पर दुनिया को अलिवदा कह दिया। मुंबई के एक अस्पताल में ऋषि कपूर ने आखिरी सांस ली। सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि पूरा देश ऋषि कपूर के जाने से शोक में है। ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार आज मुंबई के मरीन लाइन स्थित चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया गया, जिसमें उनके बेटे रणबीर कपूर, पत्नी नीतू कपूर, आलिया भट्ट, करीना कपूर, सैफ अली खान सहित कुल 25 लोग शामिल हुए। ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर लॉकडाउन के चलते उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकीं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने उन्हें मुवमेंट पास जारी किया था लेकिन उन्हें वहां पहुंचने में 14 से 15 घंटे लग जाते।

आलिया ने रिद्धिमा को वीडियो पर ही कराए अंतिम दर्शन
लॉकडाउन की वजह से ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर मुंबई नहीं पहुंच पाईं। वो दिल्ली में ही फंसी रह गईं। ऐसे में आलिया ने उन्हें फेसटाइम के जरिए वीडियो कॉल किया और पिता के आखिरी दर्शन के साथ साथ उनके अंतिम संस्कार में भी उन्हें शामिल किया। आलिया के साथ खड़ीं नीतू कपूर भी रोती नजर आईं।

2 साल पहले हुआ था ऋषि कपूर को कैंसर
2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था। इलाज के लिए वो अमेरिका गए थे। वहां 11 महीने रहने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। पिछले गुरुवार भी उनकी सेहत खराब हुई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था, लेकिन चार घंटे बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। बाद में चेस्ट इन्फेक्शन, सांस लेने में दिक्कत और बुखार के कारण बुधवार को उन्हें दोबारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 67 साल के ऋषि कपूर ने सुबह 8 बजकर 45 मिनट बजे अंतिम सांस ली।

नीतू कपूर की तरफ से मैसेज- ऋषि कपूर आखिरी वक्त तक डॉक्टरों का मनोरंजन करते रहे
ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर की तरफ से यह मैसेज जारी किया गया- ‘‘दो साल तक ल्यूकेमिया से जंग के बाद हमारे प्यारे ऋषि कपूर का आज सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर निधन हो गया। अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने कहा कि वे आखिर तक उनका मनोरंजन करते रहे।''












Click it and Unblock the Notifications