Umar Khalid: कौन हैं उमर खालिद की गर्लफ्रेंड बनोज्योत्स्ना लाहिरी? किस हाल में हैं माता-पिता, कैसा है परिवार

Umar Khalid: दिल्ली दंगों के साजिश मामले में कोर्ट से एक बार फिर राहत न मिलने के बाद उमर खालिद का नाम चर्चा में है। दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने साफ कहा कि अस्थायी रिहाई के लिए उमर खालिद की ओर से दिए गए कारण उचित नहीं हैं। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल से पहले लंबे समय तक जेल में रखने को लेकर अहम टिप्पणी की थी।

उमर खालिद ने अपनी मां की सर्जरी और चाचा की चेहल्लुम रस्म में शामिल होने के आधार पर 15 दिन की अंतरिम जमानत मांगी थी, लेकिन लोअर कोर्ट ने उन्हें कोई राहत देने से इनकार कर दिया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कौन हैं उमर खालिद, उनकी निजी जिंदगी कैसी है, उनकी गर्लफ्रेंड बनोज्योत्स्ना लाहिरी कौन हैं और उनका परिवार किस पृष्ठभूमि से आता है।

who is Umar Khalid

कौन हैं उमर खालिद (who is Umar Khalid)

उमर खालिद एक छात्र नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और जेएनयू से जुड़े चर्चित नाम रहे हैं। उनका पूरा नाम सैयद उमर खालिद है और उनका जन्म 11 अगस्त 1987 को दिल्ली के जामिया नगर इलाके में हुआ। उमर खालिद सितंबर 2020 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन पर आरोप है कि फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा की साजिश में उनकी भूमिका थी।

उमर खालिद पर दो एफआईआर दर्ज हैं। एक मामले में उन्हें अप्रैल 2021 में जमानत मिल चुकी है, लेकिन दूसरे मामले में उन पर यूएपीए के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसकी वजह से वे अब भी जेल में हैं। इस केस में अब तक ट्रायल शुरू नहीं हुआ है और न ही आरोप तय हो पाए हैं।

Umar Khalid Education: उमर खालिद शिक्षा

उमर खालिद ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से इतिहास में स्नातक (ग्रेजुएशन) किया। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से इतिहास में एमए और एमफिल किया। उनका एमफिल शोध सिंहभूम क्षेत्र के हो आदिवासियों पर था। बाद में उन्होंने पीएचडी भी पूरी की, जिसका विषय झारखंड के आदिवासियों पर राज्य शासन और सत्ता संरचना से जुड़ा था।

उमर खालिद खुद को कट्टर वामपंथी विचारधारा से जुड़ा बताते रहे हैं और उन्होंने कई बार कहा है कि वे धार्मिक रूप से प्रैक्टिसिंग मुस्लिम नहीं हैं। जेएनयू में रहते हुए वे डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स यूनियन से जुड़े रहे और छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।

उमर खालिद पर दिल्ली दंगों के मामले में आरोप क्या हैं?

फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि उमर खालिद ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे आंदोलनों के दौरान हिंसा की साजिश रची। पुलिस और जांच एजेंसियों का दावा है कि दंगे अचानक नहीं हुए, बल्कि इसके पीछे एक संगठित योजना थी।

उमर खालिद के खिलाफ एफआईआर नंबर 101/2020 और 59/2020 दर्ज की गई। इन मामलों में उन पर दंगा भड़काने, साजिश रचने, सांप्रदायिक नफरत फैलाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यूएपीए के तहत गैरकानूनी गतिविधियों के आरोप हैं। सरकार उन्हें दंगों का मास्टरमाइंड बताती है, जबकि उमर खालिद का कहना है कि वे दंगों के समय दिल्ली में मौजूद ही नहीं थे।

सुप्रीम कोर्ट ने जमानत क्यों नहीं दी

सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने कहा कि शुरुआती सबूतों के आधार पर उमर खालिद और शरजील इमाम की भूमिका अन्य आरोपियों से अलग दिखाई देती है। कोर्ट के मुताबिक, इन दोनों पर दंगों की योजना और रणनीति बनाने के गंभीर आरोप हैं। इसी आधार पर उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई, जबकि गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को शर्तों के साथ जमानत दे दी गई।

कौन हैं उमर खालिद की गर्लफ्रेंड बनोज्योत्स्ना लाहिरी (Who is Banojyotsna Lahiri)

उमर खालिद की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रहती है, खासकर उनकी गर्लफ्रेंड बनोज्योत्स्ना लाहिरी को लेकर। बनोज्योत्स्ना लाहिरी एक सामाजिक शोधकर्ता और लेखिका हैं। वे सेंटर फॉर इक्विटी स्टडीज में सीनियर रिसर्चर के तौर पर काम करती हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है और कई प्रतिष्ठित अखबारों जैसे द टेलीग्राफ, द हिंदू और इंडियन एक्सप्रेस में लिखती रही हैं।

उमर खालिद और बनोज्योत्स्ना लाहिरी की शादी नहीं हुई है लेकिन दोनों का ओपेन रिलेशनशिप है। दोनों की प्रेम कहानी 'इंडिया लव प्रोजेक्ट' के जरिए सामने आई थी। बनोज्योत्स्ना ने बताया था कि उमर खालिद के जेल में होने के बावजूद उनका रिश्ता कायम है। वे हफ्ते में एक बार तिहाड़ जेल में कांच की दीवार के उस पार इंटरकॉम के जरिए बात करते हैं। बातचीत के दौरान वे जानबूझकर उदासी से बचते हैं और हल्की-फुल्की बातें करते हैं।

कैसे हुई उमर और बनोज्योत्स्ना की मुलाकात

दोनों की पहली मुलाकात साल 2008 में हुई थी। उस समय उमर खालिद दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीए कर रहे थे और बनोज्योत्स्ना जेएनयू में एमफिल की छात्रा थीं। बाटला हाउस एनकाउंटर के बाद जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों के समर्थन में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों मिले। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी और रिश्ता गहराता गया।

उमर खालिद के परिवार में कौन-कौन? (Umar Khalid Family)

उमर खालिद के पिता सैयद कासिम रसूल इलियास हैं, जो महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं। उनकी मां पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हैं। एस क्यू आर इलियास वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और कभी प्रतिबंधित संगठन सिमी से जुड़े रहे थे, जिसे उन्होंने 1985 में छोड़ दिया था।

उमर खालिद की दो बहनें हैं, कुलसुम फातिमा और सारा फातिमा। दिसंबर 2025 में उमर खालिद को अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए कुछ समय की बेल भी मिली थी। उनके पिता का कहना है कि लंबी जेल के बावजूद उमर का हौसला टूटा नहीं है और वे खुद को निर्दोष मानते हैं।

जेल, जमानत और सियासत के बीच फंसा नाम

उमर खालिद का मामला सिर्फ एक कानूनी लड़ाई नहीं, बल्कि राजनीतिक और वैचारिक बहस का भी हिस्सा बन चुका है। समर्थक उन्हें राजनीतिक कैदी बताते हैं, जबकि सरकार उन्हें दंगों की साजिश का अहम चेहरा मानती है। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद यह साफ है कि उमर खालिद की कानूनी राह अभी लंबी है और उनकी कहानी फिलहाल जेल की सलाखों के भीतर ही लिखी जा रही है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+