UK Election Result: भारत के PM मोदी ने कीर स्टार्मर को जीत की दी बधाई, जानें सुनक को लेकर क्या कहा?
UK Election Result:भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन के आम चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए कीर स्टार्मर को बधाई दी। उन्होंने भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके नेतृत्व और प्रयासों के लिए निवर्तमान प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को भी धन्यवाद दिया।
आपको बता दें कि स्टार्मर की लेबर पार्टी ने गुरुवार के संसदीय चुनावों में भारी बहुमत हासिल कर लिया, 650 सीटों वाले हाउस ऑफ कॉमन्स में 412 सीटें हासिल कीं, और 14 सालों के कंजर्वेटिव शासन का अंत कर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए नई ब्रिटिश सरकार के साथ सहयोग करने के इच्छुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि ब्रिटेन के आम चुनावों में उल्लेखनीय जीत के लिए कीर स्टार्मर को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं सभी क्षेत्रों में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा आपसी विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए हमारे सकारात्मक और रचनात्मक सहयोग की आशा करता हूं।
सुनक को दी भविष्य के लिए शुभकामनाएं
एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री सुनक को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। कहा कि ऋषि सुनक, ब्रिटेन के आपके सराहनीय नेतृत्व तथा अपने कार्यकाल के दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में आपके सक्रिय योगदान के लिए धन्यवाद। आपको और आपके परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
....तो सुनक के हार की यह है वजह?
सुनक के नेतृत्व वाली कंजर्वेटिव पार्टी को इतिहास में अपनी सबसे बुरी चुनावी हार का सामना करना पड़ा , जिसका कारण जीवन-यापन संबंधी संकट, आंतरिक उथल-पुथल और पिछले सालों में पार्टी के प्रदर्शन से मतदाताओं का असंतोष जैसे मुद्दे थे। ब्रिटेन के चुनाव नतीजों में लेबर पार्टी ने भारी जीत हासिल की है, स्टार्मर अगले प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। लेबर की जीत ब्रिटेन की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाती है, जिसमें स्टार्मर ने "राष्ट्रीय नवीनीकरण" और सार्वजनिक सेवा में वापसी का संकल्प लिया है।
जीत पर क्या बोले स्टार्मर ?
स्टार्मर ने अपने जीत के भाषण में कहा कि हमारा काम उन विचारों को नवीनीकृत करना है जो इस देश को एक साथ रखते हैं। राष्ट्रीय नवीनीकरण। अगर आप कड़ी मेहनत करते हैं, अगर आप नियमों के अनुसार खेलते हैं, तो यह देश आपको आगे बढ़ने का उचित मौका देगा... हमें इसे बहाल करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications