लोकतंत्र के तीनों स्तंभ ढह चुके हैं, मीडिया के हाथ में कलम की बजाए कमल है: उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र के तीनों स्तंभ ढह चुके हैं, अब सिर्फ न्यायपालिका, सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद बची है। मीडिया के हाथ में कलम की बजाए कमल है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र को मोदी जी ने नहीं बल्कि क्षत्रपति शिवाजी महाराज ने आकार दिया था। लोकतंत्र के तीन स्तंभ ढह चुके हैं, मीडिया के हाथ में कलम की बजाए कमल है। अब सिर्फ न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद बची है। न्यायपालिका इसे ढहने नहीं देगी, न्याय का पतन नहीं होगा। यही नहीं उद्धव ठाकरे ने कहा कि जब भाजपा ने रथ यात्रा शुरू की थी तो हमने उनका समर्थन किया था। उस वक्त उनके पास सिर्फ दो सांसद थे, आडवाणी उनका चेहरा थे, लेकिन जब सरकार बनाने की बारी आई तो ये लोग चाहते थे कि जयललिता और अन्य लोग इनका समर्थन करें, अन्य दलों ने आडवाणी जी का विरोध किया, सेक्युलरिज्म की खातिर अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बनें। आखिर किसने हिंदुत्व छोड़ा, शिवसेना ने या फिर भाजपा ने।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा सरकार आज वही काम कर रही है जो कई साल पहले भारत पर हमला करने वाले अफजल खान ने किया था। अफजल ने भारत पर हमला किया, लोगों को अपने साथ लाने के लिए उनके घर, मंदिर, को तोड़ दिया। अब भाजपा भी वही कर रही है। भाजपा पूरे देश में यह तस्वीर दिखाने की कोशिश कर रही है मोदी का मतलब ही भारत है, मोदी का अपमान देश का अपमान है। ऐसे में लोगों को भारत माता की जय की बजाए मोदी जिंदाबाद के नारे लगाना चाहिए। जो भी आज भाजपा से नहीं जुड़ा है उसे जेल भेजा जा रहा है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमे बिकाऊ सैनिक नहीं चाहिए, बल्कि लड़ाऊ सैनिक चाहिए। भाजपा से लड़ने के लिए हम सबको गांव गांव में एकजुट होना होगा।












Click it and Unblock the Notifications