आंध्र प्रदेश: फार्मा सिटी में जहरीली गैस लीक होने की वजह से 2 वर्करों की मौत
विशाखापट्टनम, नवंबर 29। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल, शहर में स्थित रामकी फार्मेसी में जहरीली गैस के रिसाव के कारण 2 वर्करों की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतकों की पहचान बताई है। पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में दुर्गा प्रसाद और मणिकांत नाम के दो वर्करों की मौत हुई है। दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फार्मेसी में स्थिति नियंत्रण में है। वहीं पुलिस ने गैस लीक होने के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ हादसा?
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब मृतक व्यक्तियों ने कंपनी में एक पंप हाउस खोला और पंप से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, ये हादसा रामकी फार्मेसी में हुआ है, जो शहर के बाहरी इलाके परवाड़ा में स्थित है। हादसे में मारे गए दोनों वर्करों की उम्र 22 साल से कम ही बताई जा रही है। दोनों कर्मचारी रात की शिफ्ट में काम कर हे थे। ये दोनों कॉन्टैक्ट बेस्ड वर्कर थे। बताया जा रहा है कि दोनों की लापरवाही की वजह से ये हादसा हुआ है, लेकिन अभी जांच का कुछ नतीजा नहीं आया है। दोनों को हादसे के बाद अस्पताल ले जाया गया था, जहां दोनों की मौत हो गई।
पिछले हफ्ते दिल्ली में भी हुआ था ऐसा हादसा
आपको बता दें कि ऐसा ही एक हादसा पिछले हफ्ते बुधवार को राजधानी दिल्ली के आरकेपुरम में एकता विहार के अंदर भी हुआ था। वहां भी जहरीली गैस के रिसाव के कारण 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन लोगों ने आंखों में खुजली और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी। मौके पर दमकल की गाड़ियां और दो एंबुलेंस के साथ-साथ दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम पहुंची थी। ये घटना रात करीब 9:15 बजे की थी। पांचों लोगों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications