यूजर ने सोनू सूद का 420 रुपये वाला लोकल ट्रेन पास शेयर कर की तारीफ, अभिनेता ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से बचाव के लिए देश में लॉकडाउन लगाया गया। जिसका सबसे ज्यादा असर प्रवासी मजदूरों पर देखने को मिला। शहरों में आर्थिक गतिविधियां ठप्प होने से इन लोगों की कमाई बंद हो गई। इनमें से बहुत से लोग परिवहन न मिलने के कारण अपने घरों की ओर पैदल ही चल दिए तो कुछ अब भी अलग-अलग जगह फंसे हुए हैं। ऐसे ही लोगों के लिए मसीहा बनकर सामने आए बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद। वह न केवल ट्विटर पर लोगों की समस्या का समाधान कर रहे हैं बल्कि उन्होंने एक नंबर भी जारी कर दिया है।

यूजर्स के सवालों का जवाब दे रहे हैं सोनू
सोनू सूद अभी तक बड़ी संख्या में मजदूरों को घर पहुंचा चुके हैं। वो अब भी मजदूरों की मदद के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं। इस बीच कई लोग सोशल मीडिया पर सोनू सूद से तरह तरह के सवाल पूछ रहे हैं, जिनका जवाब भी अभिनेता बखूबी दे रहे हैं। अब एक ट्विटर यूजर ने सोनू सूद के पुराने रेलवे पास की तस्वीर शेयर की है। जिसमें उसने कहा है कि वही दूसरों की पीड़ा समझ सकता है जिसने खुद संघर्ष किया है। यूजर द्वारा तस्वीर शेयर किए जाने और ऐसा कहने पर अभिनेता ने भी जवाब दिया है।

जब यूजर ने शेयर किया पुराना पास
ट्विटर पर अरविंद पांडे नाम के इस यूजर ने सोनू सूद के पुराने रेलवे पास की तस्वीर शेयर करते हुए कहा, 'जिसने सच में संघर्ष किया हो उसे दूसरे लोगों की पीड़ा समझ में आती है। सोनू सूद कभी 420 रुपये वाली लोकल का पास लेकर सफर किया करते थे।' इसपर अभिनेता ने जवाब दिया है, 'जीवन एक पूरा सर्कल है।' सोनू सूद के इस रिप्लाई की लोग काफी प्रशंसा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'सच कहा जो जिस परिस्थिति से गुजरा हो उसे उस स्थिति की अनुभूति होती है।' वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, 'इस आपदा में निश्चित ही आप सभी के लिए ईश्वर के दूत बनके उभरे है, जहां आप पूरी मेहनत लगन से लगे है। आपकी पूरी टीम को भी शुक्रिया।'

टोल फ्री नंबर भी किया जारी
सोनू सूद ने प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए एक टोल फ्री नंबर भी शेयर किया है। इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा था, 'मेरे प्यारे श्रमिक भाइयों और बहनों। अगर आप मुंबई में है और अपने घर जाना चाहते हैं तो कृपया इस नंबर पर कॉल करें 18001213711 और बताएं आप कितने लोग हैं, अभी कहां पर हैं और कहां जाना चाहते हैं। मैं और मेरी टीम जो भी मदद कर पाएंगे हम जरूर करेंगे।'

कई लोगों ने की तारीफ
सोनू सूद के इन प्रयासों के लिए केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने उनकी तारीफ की। उनके अलावा महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी ने भी अभिनेता की तारीफ की। राज्यपाल ने फोन और ट्विटर के जरिए सोनू सूद को उनके प्रयास के लिए बधाई दी, इस बात की जानकारी गवर्नर ऑफ महाराष्ट्र के ऑफिस ने ट्वीट करके दी। राज्यपाल के ऑफिस ने ट्विटर पर सोनू की सराहना करते हुए मराठी भाषा में लिखा, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अभिनेता सोनू सूद को फोन किया और उन्हें विभिन्न राज्यों से फंसे हुए प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्यों तक भेजने के लिए उनके समर्पित कार्य के लिए बधाई दी है।
सोनू सूद ने साझा किया व्हाट्सएप स्क्रीन का वीडियो, मैसेज की आई बाढ़, सोशल मीडिया पर वायरल












Click it and Unblock the Notifications