सपा के नेता राशिद की बर्फ फैक्ट्री में गो मांस से लदा ट्रक बरामद

शहर के देवबंद रोड स्थित सपा नेता की बर्फ फैक्ट्री में गोमांस लदा ट्रक मिलने से गुस्साए हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। जांच में गोमांस होने की पुष्टि हो गई है। मामले में आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर मांस को दबवा दिया गया है।
सपा नेता राशिद सिद्दीकी की देवबंद रोड पर बावनदरा पुल के निकट अमन नाम से आइस फैक्ट्री है। सोमवार सुबह साढ़े छह बजे बर्फ फैक्ट्री में मांस लदा ट्रक खड़ा होने की जानकारी हिंदूवादी संगठनों को मिली तो वह फैक्ट्री जा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मांस गाय का बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को चालक समेत कब्जे में ले लिया। ट्रक में सवार दो लोग मौका पाकर फरार हो गए।
सूचना पर भाजपा नेता भी शहर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के साथ और सपा नेता के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया और आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस पर इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा ने मांस के सैंपल जांच के लिए भेजते हुए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर भाजपा नेताओं को शांत किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शाम के समय आई जांच रिपोर्ट में मांस गाय का होने की पुष्टि हुई है। मांस को जमीन में दबवाते हुए आरोपी ट्रक चालक गंगोह निवासी नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी गंगोह के ही सलमान और जीशान के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सूत्रों की मानें तो गोमांस गंगोह से गाजियाबाद के डासना भेजा जा रहा था और तस्कर रास्ते में सपा नेता की फैक्ट्री में बर्फ लेने के लिए रुके थे। उधर, राशिद सिद्दीकी का कहना है कि उनकी फैक्ट्री तीन दिन से बंद है। कुछ लोग मांस लदे ट्रक के साथ बर्फ लेने फैक्ट्री में पहुंचे थे, जिन्हें बर्फ नहीं होने की जानकारी देकर मना कर दिया गया था। गोमांस और आरोपियों से उनका किसी तरह का वास्ता नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications