अमित शाह को खाना खिलाने वाला परिवार लापता होने के बाद टीएमसी में शामिल
अमित शाह को खाना खिलाने वाले महाली परिवार ने टीएमसी की सदस्यता ग्रहण की, परिवार मंगलवार की रात को लापता हो गया था।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अपने पैर पसारने के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है और इसका बीड़ा खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उठाया है। लेकिन पार्टी को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब अमित शाह पश्चिम बंगाल के महाली में एक आदिवासी के घर खाना खाने पहुंचे और दंपति ने उनके साथ खाना भी खाया, लेकिन बाद में दंपति ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। अमित शाह की इस दंपति के साथ खाना खाने की तस्वीर भी सामने आई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी तस्वीर
अमित शाह ने राजू महाली के घर पर खाना खाया था, इनका घर नक्सलबाड़ी इलाके में आता है और वह महाली भाषा ही बोलते हैं। शाह ने राजू के गर पर जमीन पर बैठकर यहां का स्थानीय व्यंजन पोटोल भाजा खाया था, शाह की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी काफी साझा की गई थी। लेकिन महज एक हफ्ते के बाद महाली परिवार ने टीएमसी की सदस्यता ले ली।

मंगलवार की रात गायब हुआ था परिवार
यहां गौर करने वाली बात यह है कि पहले महाली परिवार इस तस्वीर के वायरल होने के बाद लापता हो गया था, मंगलवार को यह परिवार लापता हो गया था और फिर बुधवार की सुबह यह दंपित टीएमसी नेता गौतम देब के साथ देखा गया। पत्रकारों से बात करते हुए देब ने कहा कि महाली ने अपनी इच्छा के अनुसार टीएमसी की सदस्यता हासिल की है, उनपर किसी भी तरह का दबाव नहीं था, इन लोगों ने ममता बनर्जी के जबरदस्त विकास कामों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता हासिल की है, इन्हें जल्द ही पार्टी के भीतर जिम्मेदारी दी जाएगी।

भाजपा नेता ने की थी शिकायत
वहीं राजू महाली ने मीडिया के सामने आंखों में आंसू के साथ कहा कि मैं खुश हूं कि टीएमसी में शामिल हो रहा हूं, हम नक्सलबाड़ी में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। इस दौरान राजू की पत्नी गीता भी रोते हुए देखी गई। वहीं इस प्रकरण के बाद भाजपा ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के नेताओं ने महाली परिवार को धमकाया है और उन्हें जबरन पार्टी में शामिल कराया है। भाजपा नेता दिलीप बरुई ने कहा कि यह परिवार मंगलवार की रात को गायब हो गया था, राजू पेशे से एक पेंटर है और उसकी पत्नी गीता खेत में काम करती है। इनके लापता होने के बाद हमने नक्सलबाड़ी पुलिस स्टेशन पर शिकायत की थी।

पुलिस ने लापता होने की पुष्टि की
वहीं जब इस बारे में नक्सलबाड़ी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज तपन पाल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात को भाजपा कार्यकर्ता दिलीप बरुई हमारे पास आए थे और उन्होंने महाली परिवार के लापता होने की शिकायत हमे से की थी, हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications