जिस लग्जरी कार से IAS पूजा जमाती थीं धौंस, वो अब थाने में खड़ी हुई
ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर अपनी लग्जरी कार की वजह से काफी चर्चा में थी, लेकिन अब इस कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पूजा की कार की जांच और इसके पेपर्स के सत्यापन के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
कार को चतुरश्रंगी पुलिस स्टेशन लाया गया है। इस कार पर लाल-नीली बत्ती और सरकारी विभाग की तख्ती लगी थी, जिसे हटा दिया गया है। आरोप है कि पूजा खेडकर ने सिविल सेवा परीक्षा पास करने के लिए फर्जी विकलांगता का इस्तेमाल किया।

इसके साथ ही उन्होंने क्रीमी लेयर में होने के बाद भी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का प्रमाण पत्र पेश करके आरक्षण हासिल किया। इस तरह का भी दावा किया गया है कि पूजा ने अपनी मानसिक बीमारी का भी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया था।
पूजा को अप्रैल 2022 में अपने विकलांगता प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए एम्स दिल्ली में रिपोर्ट करने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने कोविड संक्रमण का हवाला देते हुए इसका पालन नहीं किया था।
इन तमाम आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने खेडकर की उम्मीदवारी के दावों और अन्य संबंधित विवरणों की जांच के लिए एक एकल सदस्यीय समिति का गठन किया है। सिविल सेवक के रूप में पूजा द्वारा सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों के सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि इस कमेटी का नेतृत्व केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी करेंगे। वो अपनी जांच को दो सप्ताह के भीतर पेश करेंगे। वहीं पूजा खेडकर ने इस पूरे विवाद पर कुछ भी कहने से इनकार किया है। उनका कहना है कि इस मामले की जांच चल रही है लिहाजा उन्हें इसपर बोलने का अधिकार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications