विवादित IAS अधिकारी पूजा खेडकर की मां को बंदूक दिखाकर धौंस जमाना पड़ा भारी, पुलिस ने थमाया नोटिस
Pooja Khedkar: विवादों में घिरी ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर की मां का कथित तौर पर बंदूक लहराने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की है। पूजा की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक का दुरुपयोग करने के चलते नोटिस थमा दिया है।
पुणे पुलिस ने मनोरमा खेडकर को कारण बताओ नोटिस दिया है। यह नोटिस पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार की ओर से मनोरमा का कथित वीडियो सामने आने के बाद जारी किया गया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मनोरमा को बहस के दौरान पिस्तौल लहरा रही हैं।

पुलिस ने इस नोटिस को मनोरमा के घर पर चस्पा कर दिया है क्योंकि व्यक्तिगत रूप से मनोरमा ने इसे स्वीकार नहीं किया है। इस मामले में मनोरमा खेडकर से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उनकी बंदूक का लाइसेंस क्यों नहीं रद्द किया जाए।
मनोरमा को जवाब देने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। गौर करने वाली बात है कि एक स्थानीय किसान ने मनोरमा और अन्य लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
बता दें कि ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर कई विवादों में घिरी हुई हैं। पूजा पर अपने पद का दुरुपयोग करने और सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के आरोप हैं। आरोप है कि पूजा ने कथित तौर पर फर्जी विकलांगता और जाति प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया। साथ ही उन्होंने ऐसे विशेषाधिकारों की मांग की जो आमतौर पर प्रशिक्षु अधिकारियों को नहीं दिए जाते हैं।
पूजा पर पुणे कलेक्टर के कार्यालय में एक वरिष्ठ अधिकारी की नेमप्लेट हटाने और उनके चैम्बर को अपने कार्यालय के रूप में इस्तेमाल करने का भी आरोप है। रिपोर्ट के अनुसार पूजा ने मानसिक बीमारी और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के झूठे प्रमाण पत्र को भी जमा किया है।
पूजा के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी दो हफ्तों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। हालांकि पूजा ने इस जांच पर कुछ भी कहने से इनकार किया है, उनका कहना है कि नियम के अनुसार मुझे इस जांच पर कुछ भी कहने की अनुमति नहीं है। इन तमाम विवादों के बीच पूजा को पुणे से वाशिम जिले में ट्रांसफर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications