Train Ticket: दिवाली-छठ पर घर लौटना हुआ आसान, अब नहीं दिखेगा 'रिग्रेट' स्टेटस, कब से जुड़ रहे 30 लाख बर्थ?
Train Ticket Booking: त्योहारों के सीजन में घर लौटने की तैयारी में लाखों लोग जुटते हैं। रेलवे की भीड़ अक्सर यात्रियों के लिए चिंता का विषय बन जाती है। इस बार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने त्योहारों को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने न केवल टिकट बुकिंग में बदलाव किए हैं, बल्कि अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनें भी चलाई हैं।
अब IRCTC पर टिकट बुक करते समय 'रिग्रेट' स्टेटस नहीं दिखेगा। इसके लिए रेलवे ने लगभग 30 लाख अतिरिक्त बर्थ जोड़ दी हैं। इससे त्योहारों पर बड़ी संख्या में घर लौटने वाले यात्रियों को फायदा होगा। इसके साथ ही कन्फर्म टिकट की तारीख ऑनलाइन बदलने की सुविधा से यात्री आसानी से अपनी योजना बदल सकेंगे। यह नया सिस्टम समय की बचत करेगा और त्योहारों पर घर लौटने की यात्रा को सुखद और आसान बनाएगा।

अतिरिक्त कोच से बढ़ी सुविधा
उत्तर रेलवे ने बताया कि टिकट की बढ़ती मांग को देखते हुए उन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं, जहां 'रिग्रेट' स्टेटस आने की संभावना अधिक है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि यह एक पायलट प्रोजेक्ट है और अब तक इसका रिस्पॉन्स अच्छा रहा है।
ये भी पढ़ें: Bihar Chhath Train: छठ से पहले बिहार के लिए 51 ट्रेनें, 11 फ्लाइट्स! क्या चुनाव से जुड़ा है ये बड़ा गेम प्लान?
हालांकि, कुछ जगहों पर बुकिंग में तकनीकी दिक्कतें भी आई हैं, जिन्हें दूर करने का काम चल रहा है। रेलवे ने त्योहारों के दौरान करीब 3,000 अतिरिक्त कोच जोड़े हैं और जरूरत पड़ने पर इसे और बढ़ाने की संभावना है। मुख्य रूप से पूर्वांचल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जैसे-जैसे स्पेशल ट्रेनों की घोषणा होगी, उनका शेड्यूल भी यात्रियों के लिए जारी किया जाएगा।
रिग्रेट स्टेटस हटाने की प्रक्रिया
सामान्य परिस्थितियों में रेलवे 150 से अधिक वेटिंग टिकट नहीं देती और बुकिंग बंद कर देती है। लेकिन त्योहारी सीजन में नियमों को लचीला बनाते हुए अतिरिक्त कोच जोड़कर 'रिग्रेट' स्टेटस हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे अधिक यात्री टिकट बुक कर सकेंगे और वेटिंग लिस्ट में फंसे लोगों को भी राहत मिलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 7 अक्टूबर को कहा था कि जनवरी 2026 से यात्री अपने कन्फर्म टिकट की यात्रा तारीख बदल सकेंगे। इसके लिए किसी तरह की कैंसिलेशन फीस या अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा।
नया सिस्टम कैसे काम करेगा?
मान लें आपके पास 20 नवंबर को दिल्ली से पटना जाने की कन्फर्म टिकट है और आपकी यात्रा की योजना बदल जाती है। अब आप उसी टिकट को ऑनलाइन बदलकर 25 नवंबर को यात्रा कर सकेंगे। टिकट का पैसा कटेगा नहीं, लेकिन सीट की उपलब्धता के आधार पर ही नई तारीख पर कन्फर्म टिकट मिलेगा।
कन्फर्म टिकट बदलने के नए नियम
वर्तमान नियम
अब तक टिकट बदलने के लिए पहले टिकट कैंसिल करनी पड़ती थी और नई तारीख के लिए फिर से बुकिंग करनी पड़ती थी। इसमें कैंसिलेशन फीस भी लगती थी। उदाहरण के लिए, AC फर्स्ट क्लास का टिकट कैंसिल कराने पर 240 रुपए + GST, AC 2 टियर पर 200 रुपए + GST, AC 3 टियर/AC चेयर कार पर 180 रुपए + GST, स्लीपर क्लास पर 120 रुपए और सेकेंड क्लास पर 60 रुपए फीस लगती थी।
नया सिस्टम कब से
जनवरी 2026 से IRCTC वेबसाइट और एप पर यह फीचर उपलब्ध होगा।
कन्फर्म टिकट कैसे बदलेंगे
- टिकट कन्फर्म होने पर रीबुकिंग का ऑप्शन मिलेगा।
- वही ट्रेन और नई तारीख सिलेक्ट की जा सकेगी।
- सीट उपलब्ध होने पर नया टिकट जनरेट होगा।
- कोई कैंसिलेशन चार्ज नहीं लगेगा।
टिकट काउंटर से बदलाव
शुरुआत में यह सुविधा केवल ऑनलाइन उपलब्ध होगी। ऑफलाइन प्रक्रिया के लिए भविष्य में जानकारी दी जाएगी।
वेटिंग टिकट पर बदलाव
वर्तमान में केवल कन्फर्म टिकट पर ही यह सुविधा लागू होगी। वेटिंग टिकट की तारीख बदलने का कोई नया नियम नहीं है।
कन्फर्म के बदले कन्फर्म टिकट
नई तारीख पर कन्फर्म टिकट गारंटी नहीं होगी। सीट उपलब्धता और किराए के अंतर के आधार पर टिकट मिलेगा।
ये भी पढ़ें: Diwali-Chhath Train Ticket Booking: घर जाने की चिंता करें दूर, इन टिप्स से मिनटों में बुक होगी कन्फर्म टिकट!












Click it and Unblock the Notifications