Independence Day 2024: आजादी के समय से शुरू होकर आज वैश्विक बुलंदियों को छूने लगा है देश का पर्यटन क्षेत्र
Independence Day 2024: भारतीय पर्यटन आज देश की अर्थव्यवस्था का बहुत ही मजबूत आधार बनकर उभरा है। भारत में पर्यटकों को अगर हिमालय जैसे सबसे ऊंचा पहाड़ देखने का सौभाग्य मिलता है तो अरब सागर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक की तटीय खूबसूरती इसकी सुंदरता का आनंद लेने का भरपूर अवसर देता है।
भारत भौगोलिक और सामाजिक दोनों ही नजरिए से विविधताओं से भरा हुआ देश है। यहां अलग-अलग संस्कृतियां हैं तो कोस-कोस पर बोली बदल जाती है। इसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर अब इसे नई पहचान मिल रही है।

भारत में पर्यटन का विकास
अगर भारत में पर्यटन उद्योग की शुरुआत की बात करें तो यह आजादी मिलने से दो वर्ष पहले 1945 में आरंभ हुआ था। अंग्रेजी शासन काल में भारतीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सर जॉन सार्जेंट कमेटी बनाई गई थी। जब देश आजाद हुआ तो उसके करीब दो दशकों बाद 1966 में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय पर्यटन विकास निगम (ITDC) की स्थापना की गई।
भारत की पहली पर्यटन नीति
लेकिन, 1980 के दशक तक भारत में पर्यटन को वह रफ्तार नहीं मिली, जिसकी अप्रत्याशित संभावनाएं देश में प्राचीन काल से ही मौजूद रही हैं।
1982 में भारत सरकार ने अपनी पहली पर्यटन नीति लागू की।
इसका लक्ष्य सामाजिक और आर्थिक जुगलबंदी के साधन के रूप में टिकाऊ पर्यटन को आगे बढ़ाना और देश की गौरवशाली अतीत, समृद्ध वर्तमान और आशाजनक भविष्य वाले राष्ट्र के रूप में इसकी प्रतिष्ठा को आगे ले जाना रहा। इसमें 6 प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया गया- स्वागत, सूचना, सुविधा, सुरक्षा, सहयोग और संरचना (बुनियादी ढांचे का विकास)।
भारत में पर्यटन क्षेत्र के विकास की रफ्तार
आज भारत का पर्यटन उद्योग मध्य काल के अपने अतीत को भुलाकर तमाम बुलंदियों को छूने लगा है। इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन (IBEF) की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में टूरिज्म एंड हॉस्पिटलिटी इंडिस्ट्री का देश की जीडीपी में 178 बिलियन डॉलर का योगदान है। भारत में इस उद्योग के दो मुख्य सेक्टर हैं यात्रा और पर्यटन।
वित्त वर्ष 2027 में देश में पर्यटन से जुड़ा यात्रा बाजार के 125 बिलियन डॉलर को छूने का अनुमान है। वहीं साल 2028 तक देश में आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या 3.5 करोड़ तक रहने की संभावना है।
भारतीय पर्यटन के प्राचीन और नए आयाम
भारत में पर्यटन क्षेत्र का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसमें साल-दर-साल नए आयाम जुड़ते जा रहे हैं। आज भारतीय पर्यटन में क्रूज है तो एडवेंचर भी है, साथ ही साथ मेडिकल, वेलनेस और स्पोर्ट्स टूरिज्म की भी लोकप्रियता बढ़ रही है। इको-टूरिज्म का विस्तार हो रहा है तो धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन तो इसका मूल आधार ही रहा है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए भारत आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र तब से रहा है, जब अधिकांश धर्मों की स्थापना भी नहीं हुई थी।
पर्यटन के क्षेत्र में काम कर रहे हैं 1,500 स्टार्टअप
कोविड महामारी से पहले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम ने 2019 में ट्रैवल एंड टूरिज्म को लेकर एक रैंकिंग जारी की थी, जिसमें भारत 34वें स्थान पर था। बीते वर्षों में देश ने इस क्षेत्र में लगातार प्रगति की है। स्टार्टअप इंडिया के आंकड़ों के अनुसार देश में अकेले टूरिज्म सेक्टर में 1,500 से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं, जो देश में पर्यटन के विकास के लिए विभिन्न तरह से योगदान दे रहे हैं।
रोजगार की अपार संभावनाओं से भरा है पर्यटन क्षेत्र
पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक लेमन ट्री होटल्स के चेयरमैन और एमडी पतंजलि गोविंग केसवानी का कहना है कि अगर सरकार की सहायता मिले तो आज देश में पर्यटन क्षेत्र में इतनी क्षमता है कि देश में रोजगार की चुनौतियां 50% कम कर सकता है।
भारत देखने आने वाले विदेशी पर्यटकों की लगातार बढ़ रही है संख्या
हाल ही में टीओआई ने एक रिपोर्ट दी है, जिसके अनुसार देश में इस साल (2024) जनवरी से लेकर मई तक में ही करीब 40.7 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं। यह संख्या पिछले साल (2023) की समान अवधि के 37.3 लाख के मुकाबले 9.1% ज्यादा है।
लेकिन, अगर इसी अवधि में विदेशी पर्यटन से प्राप्त विदेशी मुद्रा की बात करें तो देश की कमाई 2023 की समान अवधि के 88,441 करोड़ रुपए की तुलना में 1.1 लाख करोड़ रुपए रही है, जो कि 22.5% ज्यादा है।
केंद्र सरकार ने पिछले तीन साल के जो आंकड़े दिए हैं उसके अनुसार 2021 में देश में आए विदेशी पर्यटकों की संख्या 10.5 लाख थी, जो 2022 में बढ़कर 85.9 लाख हो गई और 2023 में यह आंकड़ा बढ़कर 1.9 करोड़ हो गया।
बीते वर्षों में यह सेक्टर कोविड महामारी की वजह से बहुत ज्यादा प्रभावित रहा है। सरकार देश में घरेलू पर्यटकों को प्रोत्साहित करने के लिए अभी 'देखो अपना देश' जैसे अभियान को भी आगे बढ़ा रही है और इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए इससे जुड़े लोगों के लिए विशेष लोन योजनाएं भी चला रही है।












Click it and Unblock the Notifications