देश में कोरोना का कहर जारी, 85 हजार से अधिक हुए मामले, 24 घंटों में 103 की मौत
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के मामलों में 3970 की बढ़त हुई और 103 मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार सुबह बताया कि देश में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 85940 हो गई है। इसमें 53035 सक्रिय मामले, 30153 ठीक/डिस्चार्ज/ विस्थापित मामले और 2752 मौतें शामिल हैं।
Recommended Video

राजस्थान में शुक्रवार रात 9:00 बजे तक कोरोना संक्रमण के 213 केस (48 कोटा, 38 उदयपुर, 23 जयपुर, 31 जोधपुर) दर्ज होने के बाद इनकी कुल संख्या बढ़कर 4,727 हो गई है। कोरोना के सर्वाधिक 1385 केस जयपुर, 986 जोधपुर, 354 उदयपुर, 318 कोटा, 247 अजमेर से आए हैं। राज्य में संक्रमण से अब तक 125 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 1576 केस आने के बाद कुल मामलों की संख्या 29,100 हो गई है जबकि 49 मौत होने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1068 हो गया है।
वहीं गुजरात में कोरोना वायरस के 340 नए मामले सामने आए जिसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 9931 हो गए। कोविड-19 से राज्य में शुक्रवार को 20 लोगों की मौत हो गई और अब तक कुल 606 लोगों की जान जा चुकी है। बिहार की बात करें तो यहां 34 केस दर्ज हुए जिससे कुल मामलों की संख्या 1033 हो गई है। दर्ज हुए मामलों में से सर्वाधिक 7 मामले मधेपुरा और 5-5 मामले खगड़िया, सिवान में दर्ज हुए। वहीं, भोजपुर, नवादा, पटना, लखीसराय में 1-1 जबकि किशनगंज, सुपौल, जमुई, मधुबनी, वैशाली में 2-2 और सहरसा में 3 मामले सामने आए हैं।
उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 3 संक्रमित मरीज मिलने के बाद राज्य में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 82 हो गई है। सर्वाधिक 40 मामले देहरादून, 16 उधम सिंह नगर, 14 नैनीताल, 7 हरिद्वार, 2-2 अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल जबकि उत्तरकाशी में 1 मामला सामने आया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 84 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमण की संख्या 2461 हो गई है। विभाग के अनुसार, राज्य में संक्रमण के कारण अब तक 153 लोगों की मौत हुई है जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 1,407 है।












Click it and Unblock the Notifications