Today in Politics: संसद सत्र के बीच आज चार देशों की यात्रा पर रवाना होंगे राहुल गांधी
Today in Politics: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद आज पार्टी के पूव अध्यक्ष राहुल गांधी चार देशों की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। राहुल गांधी ऐसे समय में विदेश यात्रा पर जा रहे हैं जब संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। पार्टी मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में हार गई है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी की सरकार थी, लेकिन यहां भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल करके कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया है। यही नहीं इस हार के बाद विपक्षी गठबंधन इंडिया में भी अनबन चल रही है जिसकी वजह से आज होने वाली बैठक को टाल दिया गया है। ऐसे में राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

राहुल गांधी 9 दिसंबर से 14 दिसंबर के लिए इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया, वियतनाम के दौरे पर रहेंगे। सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी की यह यात्रा पहले से ही सुनियोजित थी। लिहाजा उनके इस दौरे पर सवाल नहीं होना चाहिए। वहीं विपक्षी नेता राहुल गांधी की विदेश यात्रा की टाइमिंग पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी को इस यात्रा को टाल देना चाहिए था।
कश्मीर से जुड़े बिल पर अमित शाह देंगे जवाब
संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। इस बीच लोकसभा में कश्मीर से जुड़े बिल को पेश किया गया है, जिसको लेकर विपक्ष काफी हंगामा कर रहा है। ऐसे में आज गृहमंत्री अमित शाह कश्मीर से जुड़े बिल पर चर्चा का विस्तार से जवाब देंगे।
विदेश मामलों पर रिपोर्ट
आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक कुमार मित्तल और शिव सेना के सांसद अनिल देसाई आज विदेश मामलों पर विभाग-संसदीय स्थायी समिति की पच्चीसवीं रिपोर्ट की प्रति को राज्यसभा के पटल पर रखेंगे।
छिंदवाड़ा जाएंगे शिवराज
विधानसभा चुनाव में भाजपा को सभी 7 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच शिवराज सिंह चौहान आज यहां पहुंच रहे हैं। वह यहां पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। छिंदवाड़ा को कांग्रेस नेता कमलनाथ का गढ़ माना जाता है। यहां से कमलनाथ के बेटे नकुल सांसद हैं।
दिल्ली में रेवंत रेड्डी की हाई कमान से मुलाकात
कांग्रेस ने तेलंगाना में बहुमत हासिल किया है। यहां रेवंत रेड्डी को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया है। ऐसे में उनके मंत्रिमंडल में कौन शामिल होगा इसकी चर्चा के लिए रेवंत रेड्डी आज दिल्ली में पार्टी के हाई कमान से मुलाकात करेंगे और प्रदेश में सरकार के गठन पर चर्चा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications