Today in Politics: PM मोदी आज मेरठ से UP में चुनाव प्रचार की करेंगे शुरुआत, I.N.D.I.A भी दिखाएगा दम
Today in Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार 31 मार्च को यूपी में लोकसभा चुनाव की प्रचार शुरुआत करेंगे। इसी क्रम में पीएम मोदी आज मेरठ में पहली पार्टी रैली को संबोधित करेंगे।
इस रैली में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख जयंत चौधरी भी मौजूद रहेंगे और रैली को संबोधित करेंगे। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा रालोद का सफाया करने के एक दशक बाद यह पहला अवसर होगा जब पीएम मोदी और जयंत चौधरी साथ दिखेंगे।

सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी की रैली के लिए मेरठ को रणनीतिक तौर पर चुना गया है। यह जाटों और गुर्जरों की बड़ी आबादी वाला निर्वाचन क्षेत्र है और भाजपा दोनों समुदायों के वोट हासिल करने की कोशिश कर रही है। खासकर आरएलडी के साथ गठबंधन करने के बाद भाजपा इन दोनों समुदायों का साथ चाह रही है।
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A भी रामलीला मैदान में जुटेगा
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A ब्लॉक भी दिल्ली के मैदान में शक्ति प्रदर्शन करेगा। INDIA ब्लॉक आज अपने सभी दलों के नेताओं के साथ दिखेगा।
दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले इस रैली में लगभग सभी विपक्षी दल के प्रमुख शामिल होंगे। ये रैली सुबह 10 बजे होने वाली है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली में रैली का नेतृत्व करेंगे।
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले यह कांग्रेस का पहला भव्य शक्ति प्रदर्शन है। इस रैली में सोनिया गांधी, शरद पवार, अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन, उद्धव ठाकरे, फारुख अब्दुल्ला, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत, CPM महासचिव सीताराम येचुरी, CPI (ML) नेता दीपांकर भट्टाचार्य, डीएमके नेता तिरुची एन. शिवा समेत कई नेता शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications