Today in Politics: गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू कर्तव्य पथ पर फहराएंगी तिरंगा, जानें PM मोदी का शेड्यूल
Today in Politics: भारत 26 जनवरी 2024 को अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज सुबह 8 बजे फहराएंगी।
हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कर्तव्य पथ पर झंडा फहराने से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को कर्तव्य पथ पर 90 मिनट की परेड का नेतृत्व करेंगी।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों होंंगे मुख्य अतिथि
इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस साल के गणतंत्र दिवस की थीम 'विकसित भारत' और 'लोकतंत्र की मातृका (जननी)' है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दिल्ली एयरपोर्ट पर आज सुबह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का स्वागत किया है। गणतंत्र दिवस की परेड सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली के विजय चौक से शुरू होगी, जो विजय चौक से कर्तव्य पथ तक जाएगी। यह राष्ट्रपति भवन से शुरू होकर राजपथ तक जाएगा। यहां पर 77,000 लोग शामिल होंगे। जिसमें 42,000 आम जनता के लिए आरक्षित हैं।
PM मोदी का आज का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की यात्रा से समारोह की शुरुआत होगी। पीएम नरेंद्र मोदी यहां पुष्पांजलि अर्पित करके शहीद नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 'पारंपरिक बग्गी' में पहुंचेंगे। यह 40 साल पुरानी परिपाटी है, जो फिर से एक बार गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर दिखाई देने वाली है।
अमित शाह चिराग पासवान से कर सकते हैं मुलाकात
बिहार में नीतीश कुमार की JDU और लालू यादव की RJD की बीच दरार बढ़ रही है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर बिहार के बड़े नेताओं की गुरुवार को बैठक बुलाई गई थी।
इस बैठक के बाद अमित शाह ने चिराग पासवान से बात की है। रिपोर्ट के मुताबिक अमित शाह शुक्रवार को दिल्ली में चिराग पासवान से मुलाकात कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications