TN Election 2026: कांग्रेस की 35 सीटों की मांग पर क्यों फंसा DMK अलायंस? दिल्ली से चेन्नई तक मंथन
TN Election 2026: तमिलनाडु की सियासत में 2026 के विधानसभा चुनावों को लेकर बिसात बिछ चुकी है। सत्तारूढ़ DMK और उसकी पुरानी सहयोगी कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे को लेकर चल रही रस्साकशी अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है।
मंगलवार, 3 मार्च 2026 को इस गठबंधन के भविष्य को लेकर चेन्नई के 'अन्ना अरिवलयम' से लेकर दिल्ली के '10 जनपथ' तक हलचल तेज है। तमिलनाडु की सत्ता की चाबी किसके हाथ होगी, इसका फैसला तो चुनाव करेंगे, लेकिन उससे पहले INDIA ब्लॉक के दो बड़े खेमे DMK और कांग्रेस के बीच सीटों के गणित ने राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है।

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कांग्रेस के लिए आज (3 मार्च) की डेडलाइन तय की थी, जिसके बाद दिग्गज नेता पी. चिदंबरम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागई खुद मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पहुंचे हैं।
DMK Congress Seat Sharing: 25 बनाम 35 सीटों का वह गणित जो सुलझ नहीं रहा
सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन के भीतर सीटों की मांग को लेकर दो अलग-अलग सुर सुनाई दे रहे हैं। कांग्रेस इस बार 35 से 40 सीटों की मांग कर रहा है। तर्क यह है कि तमिलनाडु में कांग्रेस का आधार बढ़ा है और राज्यसभा के लिए जरूरी संख्याबल जुटाने हेतु उन्हें अधिक सीटों की आवश्यकता है।
DMK का स्टैंड इससे अलग है। मुख्यमंत्री स्टालिन का कहना है कि उन्हें नए सहयोगियों (जैसे कमल हासन की MNM और हाल ही में जुड़े अन्य छोटे दल) को भी सीटें देनी हैं, इसलिए वे कांग्रेस को 2021 की तरह 25 सीटों से ज्यादा नहीं दे सकते। खबरों की मानें तो सोनिया गांधी गठबंधन को बनाए रखने के पक्ष में हैं, जबकि राहुल गांधी सम्मानजनक सीटों से कम पर समझौता करने के मूड में नहीं दिख रहे।
TVK Congress Alliance Rumors: 'बैकडोर' पॉलिटिक्स और विजय (TVK) फैक्टर पर क्या है रुख
राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि कांग्रेस अभिनेता से नेता बने विजय (Thalapathy Vijay) की पार्टी TVK के साथ गुप्त बातचीत कर रही है। हालांकि, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागई ने इसे सिरे से खारिज कर दिया हमारा गठबंधन विचारधारा पर आधारित है, यह प्राकृतिक है। हमने TVK से कोई बात नहीं की है। मेरे आलाकमान ने मुझे ऐसी कोई हिदायत नहीं दी है। हम किसी 'बैकडोर पॉलिटिक्स' में यकीन नहीं रखते।
उधर, DMK प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने चुटकी लेते हुए कहा कि TVK के साथ गठबंधन करने में किसी की रुचि नहीं है।
Rahul Gandhi vs Sonia Gandhi DMK Stance: राहुल बनाम सोनिया हाईकमान की राजनीति ?
दिल्ली से आ रही अंदरूनी खबरें बताती हैं कि कांग्रेस के भीतर भी रणनीति को लेकर मतभेद हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगर DMK कांग्रेस को 35 सीटें देने को तैयार नहीं होती, तो राहुल गांधी गठबंधन तोड़ने के पक्ष में हो सकते हैं, जबकि सोनिया गांधी DMK के साथ गठबंधन बनाए रखने की समर्थक मानी जा रही हैं। इसी बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और प्रदेश अध्यक्ष सेल्वापेरुंथगई का मुख्यमंत्री स्टालिन के आवास पर जाना यह संकेत देता है कि बातचीत अब निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी है।
चुनावी रणनीति पर सवाल अब भी बरकरार
DMK के लिए 2026 का चुनाव सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस तमिलनाडु में अपनी सीटों और प्रभाव को बढ़ाना चाहती है। INDIA ब्लॉक की मजबूती, BJP के खिलाफ साझा मोर्चा और क्षेत्रीय संतुलन ये सभी फैक्टर सीट बंटवारे को सिर्फ अंकगणित नहीं, बल्कि रणनीतिक फैसला बना देते हैं।
फिलहाल, सार्वजनिक बयानबाजी में दोनों दल एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े दिख रहे हैं। लेकिन असली परीक्षा तब होगी, जब सीटों की अंतिम संख्या तय होगी। क्या यह गठबंधन बिना किसी बड़ी टूट के 2026 की चुनावी जंग में उतरेगा, या फिर मामूली हिचकियां किसी बड़े राजनीतिक मोड़ का संकेत हैं इस पर पूरे तमिलनाडु की नजरें टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications