एपल एप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर से हटा टिकटॉक, एक दिन पहले ही सरकार ने किया है बैन
नई दिल्ली। शॉर्ट वीडियो बनाने वाला चीनी एप टिकटॉक (TikTok) एपल एप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर से हट गया है। एक दिन पहले यानी सोमवार को ही भारत सरकार ने 59 चीनी एप को देश में बैन कर दिया था। हालांकि बैन किए जाने की घोषणा के बाद तक टिकटॉक प्ले स्टोर पर दिखाई दे रहा था लेकिन मंगलवार की सुबह तक एप गूगल प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर पर दिखाई देना बंद हो गया। सरकार द्वारा बैन किए गए एप में से कुछ अब भी प्ले स्टोर पर दिखाई दे रहे हैं लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि ये भी जल्द ही यहां से हट जाएंगे।

Recommended Video
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69ए के तहत इन 59 चीनी मोबाइल एप्स पर पाबंदी लगाई है। मंत्रालय की तरफ से एक नोटिस जारी कर कहा गया है कि ये 59 चीनी एप्स उन गतिविधियों में लगे हुए थे जो भारत की संप्रभुता और अखंडता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं। ऐसे में सरकार ने इन एप्स पर बैन लगाने का फैसला लिया। सरकार की ओर से कहा गया कि डाटा सुरक्षा से जुड़े पहलुओं और 130 करोड़ भारतीयों की गोपनीयता की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं। हाल ही में यह ध्यान दिया गया है कि इस तरह की चिंताओं से हमारे देश की संप्रभुता और सुरक्षा को भी खतरा है।
गौरतलब है कि भारत में अब चीनी एप्स की तुलना में देशी एप्स को बढ़ावा मिल रहा है। चिंगारी जैसे नए एप्स चीनी TikTok जैसे एप की जगह लेने आ गए हैं। हाल ही में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद से देश में बॉयकॉट चाइना अभियान भी चल रहा है। दरअसल गलवान घाटी में चीनी सैनिकों ने धोखे से भारतीय सैनिकों पर हमला कर दिया था, जिसमें हमारे 20 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद से ही लोगों में चीन के प्रति नाराजगी है। ऐसे में देश की संप्रभुता के लिए खतरा बने इन चीनी एप्स को बैन करना काफी जरूरी था।












Click it and Unblock the Notifications