दिल्ली में 1 से 5 सितंबर के बीच होगा तीसरा सीरोलॉजिकल सर्वे, लिए जाएंगे 17 हजार सैंपल
हाल ही में किए गए दूसरे सीरोलॉजिकल सर्वे से इस बार कहीं ज्यादा सैंपल इकट्ठा किए जाएंगे।
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच देश की राजधानी दिल्ली में तीसरा सीरोलॉजिकल सर्वे 1 सितंबर से 5 सितंबर के बीच शुरू होगा। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने मंगलवार को इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि करीब 17 हजार लोगों पर यह सर्वे किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, 'दिल्ली के सभी 11 जिलों में हर उम्र के ग्रुप से नमूने लिए जाएंगे। सर्वे में 17000 सैंपल इकट्ठा करने का लक्ष्य है। हाल ही में किए गए दूसरे सीरोलॉजिकल सर्वे से इस बार कहीं ज्यादा सैंपल इकट्ठा किए जाएंगे।'
Recommended Video

1 से 7 अगस्त के बीच हुआ था दूसरा सर्वे
आपको बता दें कि दिल्ली में पहला सीरोलॉजिकल सर्वे 27 जून से 10 जुलाई के बीच किया गया था। इस दौरान सर्वे में भाग लेने वाले 22.86 फीसदी लोगों के अंदर Sars-CoV-2 के खिलाफ विकसित हुई एंडीबॉडी का पता चला था। इसके बाद 1 अगस्त से 7 अगस्त के बीच दूसरा सीरोलॉजिकल सर्वे हुआ और इसमें 29.1 फीसदी लोगों के अंदर एंटीबॉडी मिली।

पहले सर्वे में लिए गए थे 21387 सैंपल
पहले सीरोलॉजिकल सर्वे के दौरान 21387 लोगों के सैंपल लिए गए। वहीं दूसरे सर्वे में 15 हजार लोगों के सैंपल लेकर जांच की गई। सीरोलॉजिकल सर्वे के दूसरे चरण के दौरान एक अहम बात यह भी पता चली कि दिल्ली में जिन लोगों के अंदर एंटीबॉडी मिली, उनमें महिलाओं (32.2 फीसदी) की संख्या पुरुषों (28.3 फीसदी) से ज्यादा थी।

कोरोना के कुल केस 31 लाख के पार
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को भी कोरोना के 60,975 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल केस बढ़कर 31,67,323 हो गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के कारण 848 लोगों की जान गई है और मृतकों का आंकड़ा 58,390 तक पहुंच गया है। हालांकि राहत की बात ये है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मरीजों का रिकवरी रेट भी लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट इस समय 75 फीसदी से ऊपर चल रहा है।

2020 के आखिर तक आ जाएगी कोरोना वैक्सीन
आपको बता दें कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच देश में वैक्सीन को लेकर भी तेजी से कार्य हो रहा है। इस बारे में जानकारी देते हुए हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ देश की पहली वैक्सीन इस साल के अंत तक लोगों को उपलब्ध हो जाएगी। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इसके अलावा जिन अलग-अलग वैक्सीन के ट्रायल चल रहे हैं, उनमें से कुछ साल 2021 की पहली तिमाही तक लोगों को उपलब्ध हो जाएंगी। डॉ. हर्षवर्धन ने आगे कहा कि भारत में तैयार हो रही कोरोना वायरस की वैक्सीन के ट्रायल पूरे होने के बाद इनके प्रभाव का पता चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications