आसिफ़ अली के इस एक्शन पर भड़के अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत

पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच शुक्रवार को खेले गए मैच में आसिफ़ अली ने शानदार प्रदर्शन किया था. अपने इस एक्शन के कारण विवादों में घिर गए हैं.

पाकिस्तानी खिलाड़ी आसिफ़ अली पिछले दो दिनों से शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तारीफ़ बटोर रहे हैं. इस मैच के आख़िरी पलों में आसिफ़ अली ने चार छक्के लगाकर पाकिस्तानी टीम को जीत दिला दी थी. इसके बाद से ट्विटर पर आसिफ़ के प्रदर्शन की चर्चा जारी है.

asif ali

लेकिन बीते शनिवार श्रीलंका में अफ़ग़ानिस्तान राजदूत एम अशरफ़ हैदरी ने आसिफ़ अली की आलोचना की है. आसिफ़ अली ने इस मैच के दौरान एक मौक़े पर अपने बैट को बंदूक की तरह पकड़ा था. हैदरी ने उनके इसी एक्शन की आलोचना करते हुए ट्विटर पर लिखा है, "पाकिस्तान के प्रमुख खिलाड़ी आसिफ़ अली द्वारा अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाड़ियों, जिन्होंने उन्हें और उनकी टीम को कड़ी चुनौती दी, की ओर बैट को बंदूक की तरह दिखाना आक्रामकता का शर्मनाक कृत्य है. इस सबसे ऊपर खेल एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, दोस्ती और शांति से जुड़ा होता है. युद्ध के लिए भी समय आएगा." ट्विटर यूज़र परयान पायेज़ ने लिखा है, "आसिफ अली आपको अपने ऊपर शर्म आनी चाहिए.''

https://twitter.com/FaroKha74738656/status/1454589465360437252

हालांकि, आसिफ़ अली की गनशॉट एक्शन वाली तस्वीर इस आलोचना के पहले से ही वायरल हो रही थी. लेकिन हैदरी की आलोचना के बाद ये तस्वीर विवाद का विषय बन गई है. कुछ लोगों ने इसे लेकर आसिफ़ अली की आलोचना की है. लेकिन ज़्यादातर लोगों ने इस आलोचना को ग़ैर-ज़रूरी बताया है. पाकिस्तानी अख़बार डॉन के खेल पत्रकार अब्दुल ग़फ्फ़ार ने एक तस्वीर पोस्ट करके दिखाया है कि पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने भी श्रीलंका के ख़िलाफ़ जयपुर में खेले गए मैच के दौरान यही एक्शन किया था. अब्दुल ग़फ्फ़ार ने ट्वीट करके लिखा है, "धोनी ने भी श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच में यही किया था. लेकिन श्रीलंकन समझदार हैं. और वे क्रिकेट को अच्छी भावना के साथ खेलते हैं. खेल के साथ राजनीति को मत मिलाएं."

https://twitter.com/GhaffarDawnNews/status/1454533076609011712

धोनी की गनशॉट तस्वीर की चर्चा

इस तस्वीर पर विवाद होने के बाद से आसिफ़ अली की तस्वीर के साथ धोनी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. साल 2006 में धोनी ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे मैच में शतक पूरा करके अपने बैट को कुछ इस तरह पकड़ा था. लेकिन धोनी से पहले क्रिकेट के दुनिया के महान खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स भी कुछ इसी तरह का एक्शन कर चुके हैं. ऐसे में उनकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. कई लोगों ने हैदरी को टैग करते हुए लिखा है कि इस मामले में राजनीति को न मिलाएं और आसिफ़ अली का इशारा अफ़ग़ान खिलाड़ियों की ओर नहीं बल्कि पविलियन की ओर था.

ट्विटर यूज़र अज़ीज़ ख़ान ने लिखा है, "एम अशरफ़ हैदरी, आसिफ़ अली को श्रेय देने की जगह आप उनके जश्न मनाने के अंदाज़ की भी आलोचना कर रहे हैं. वह एक खिलाड़ी हैं, कोई सैनिक नहीं, जो आप उनके लिए 'आक्रामकता भरा क़दम' जैसे टर्म इस्तेमाल कर रहे हैं. कृपया हार पर रोने की बताए सम्मान के साथ उसे स्वीकार करना सीखें."

https://twitter.com/azizkhan_89/status/1454606376299339785

अब्दुल्लाह नाम के ट्विटर यूज़र लिखते हैं, "एक राजदूत का कितना भद्दा रुख़ है ये. वह एम एस धोनी के एक एक्शन की नक़ल कर रहे थे. और उनका इशारा पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम की ओर था."

https://twitter.com/realshaheen4197/status/1454462472321056769

पाकिस्तान के एक प्रशासक शहीर ट्विटर पर लिखते हैं, "आपने अपने ट्वीट में जो आख़िरी पंक्ति लिखी है, वो एक पुख़्ता सबूत है कि आपको कभी भी राजदूत नहीं बनना चाहिए."

https://twitter.com/Shaheer_PCS/status/1454535476661084161

पाक पत्रकार के सवाल पर भी विवाद

इस मैच पर खड़ा होने वाला ये दूसरा विवाद है. इससे पहले पाकिस्तानी पत्रकार के एक सवाल पूछने पर विवाद खड़ा हो चुका है. मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे. लेकिन, वो पाकिस्तान के एक पत्रकार के सवाल से सहमत नहीं दिखे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के एक पत्रकार ने मोहम्मद नबी से सवाल पूछा, "क्या कुछ ऐसा खौफ़ है कि सरकार बदली है, हालात बदले हैं और जब आप वापस जाएंगे तो आपसे पूछा जाएगा? ये जो नया दौर शुरू हुआ है, पाकिस्तान के साथ संबंध अच्छे हैं तो क्या अफ़ग़ानिस्तान की टीम को इन संबंधों के अच्छे होने से मज़बूती मिलेगी?"

मोहम्मद नबी ने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, "क्या हम उन सवालों को छोड़कर सिर्फ़ क्रिकेट के बारे में बात कर सकते हैं." "अगर क्रिकेट की बात कर सकते हैं तो ये बेहतर है. उस स्थिति को वहीं छोड़ दो. हम इधर विश्व कप के लिए आए हैं और पूरी तैयारी करके आए हैं. पूरे आत्मविश्वास के साथ आए हैं. क्रिकेट से जुड़े कुछ सवाल हैं तो वो आप बता दो." पाकिस्तान के पत्रकार ने फिर पूछा कि पाकिस्तान से संबंध अच्छे होने से अफ़ग़ानिस्तान की टीम को भविष्य में कितना फ़ायदा होगा? लेकिन मोहम्मद नबी ने फिर उनका सवाल टाल दिया और कहा कि ये क्रिकेट से जुड़ा सवाल नहीं है. इसके बाद वो प्रेस कॉन्फ्रेंस ख़त्म करके चले गए.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुए इस सवाल जवाब को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई. लोगों ने एक क्रिकेटर से राजनीति का सवाल पूछे जाने को ग़लत बताया और मोहम्मद नबी के जवाब की तारीफ़ की.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+