ठाणे कॉल सेंटर से हजारों अमेरिकियों से ठगी का धंधा चलाने वाला मास्टरमाइंड कौन?
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में कॉल सेंटर बनाकर हजारों अमेरिकियों से करोड़ों की ठगी का धंधा चलाने वाले मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस लग गई है। बताया जा रहा है कि यह मास्टरमाइंड भारतीय-अमेरिकी मूल का है।
कॉल सेंटर से विदेशियों से ठगी के इस इंटरनेशनल रैकेट के पर्दाफाश के बाद पुलिस अब अन्य बड़े शहरों में स्थित ऐसे कॉल सेंटर्स के जाल के बारे में पता लगा रही है।

यूएस रेवेन्यू डिपार्टमेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कैम
यूएस इंटरनल रेवेन्यू डिपार्टमेंट के इतिहास का यह सबसे बड़ा स्कैम माना जा रहा है। एफबीआई ने ठाणे के मीरा रोड स्थित कॉल सेंटर के बारे में ठाणे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ठाणे पुलिस और क्राइम ब्रांच ने कॉल सेंटर पर छापा मारा और 500 से ज्यादा कर्मचारियों को हिरासत में लिया।
ठगी का इंटरनेशनल रैकेट
ठाणे के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने बताया कि यह एक इंटरनेशनल रैकेट है और इसमें विदेशी नागरिकों के भी शामिल होने के संदेह हैं। इस मामले की जांच चल रही है।
ठाणे पुलिस अब अहमदाबाद, नोएडा और बेंगलुरु में चल रहे कॉल सेंटर्स पर छापेमारी की तैयारी कर रही है। वहां भी इस ठगी के जाल फैले होने के संदेह हैं।

यूनिवर्सल आउटसोर्सिंग सर्विसेज का धंधा
ठाणे में मीरा रोड स्थित हरिओम आईटी पार्क में यूनिवर्सल आउटसोर्सिंग सर्विसेज कॉल सेंटर से ठगी का यह धंधा चलाया जा रहा था। जिस बिल्डिंग पर क्राइम ब्रांच ने छापा मारा उसमें नौ मंजिलें हैं जिनमें से सात में कॉल सेंटर चल रहे थे।
कैसे करते थे अमेरिकियों से ठगी
यूएस के इंटरनल रेवेन्यू सर्विसेज के फर्जी अधिकारी बनकर कॉल सेंटर के कर्मचारी अमेरिकियों को फोन लगाते थे और उन पर टैक्स बकाया होने की बात कहकर पहले डराते थे।
अमेरिकियों से वे कहते थे कि उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और तीन महीने जेल की सजा दी जाएगी। इसके अलावे वे अमेरिकियों को नौकरी से हटाए जाने समेत कई तरह की धमकियां देकर खौफजदा कर देते थे।
ठाणे सीपी परमबीर सिंह ने बताया कि कॉल सेंटर के ठगों ने कई अमेरिकियों को रोने-गिड़गिड़ाने पर मजबूर कर दिया। इस तरह से धमकाकर अमेरिकियों से कई हजार डॉलर की वसूली की जाती थी या उनसे डेबिट कार्ड डिटेल्स निकाले जाते थे।
इन डिटेल्स को मास्टरमाइंड तक भेज दिया जाता था। मास्टरमाइंड अमेरिकियों के खाते से पैसे निकालकर 30 परसेंट खुद रखता था और बाकी को कर्मचारियों में बांट देता था।
हार्ड डिस्क में लाखों अमेरिकियों के डाटा
पुलिस ने कॉल सेंटर से हार्ड डिस्क जब्त किए हैं जिनमें लाखों अमेरिकियों के बारे में डाटा हैं।
पुलिस ने कुल 772 कर्मचारियों को कॉल सेंटर से हिरासत में लिया जिनमें से 70 को गिरफ्तार कर लिया गया है। कश्मीरा पुलिस थाने में इस मामले में केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications