अनंतनाग के अच्छाबल में पुलिस की टीम पर हमला, लश्कर का एक आतंकी ढेर
अनंतनाग। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर हमला किया है। अनंतनाग के अच्छाबल में हुए इस हमले में एक आतंकी को मार गिराया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने शुक्रवार देर रात पुलिस पार्टी को निशाना बनाया था लेकिन इस हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि हमले में मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। पुलिस ने उसके पास से एक हथियार भी बरामद किया है।

सुरक्षाबल पर हफ्ते में तीसरा आतंकी हमला
जो आतंकी मारा गया है उसकी पहचान होनी अभी बाकी है। यह आतंकी इस इलाके में आम नागरिकों और सुरक्षाबलों के खिलाफ कई साजिशों को अंजाम दे चुका था। अधिकारी की ओर से बताया गया है कि पुलिस के एक जवान को भी इसमें चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस जवान की हालत फिलहाल स्थित बताई जा रही है। इस हफ्ते घाटी में सुरक्षा एजेंसियों पर हुआ यह तीसरा आतंकी हमला है। इससे पहले गुरुवार को आतंकियों ने पुलवामा के लासीपोरा में सेना की टीम को निशाना बनाया तो वहीं सोपोर में सीआरपीएफ की टीम पर आतंकी हमला हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications