Tension in Manipur: पीएम मोदी के दौरे से पहले मणिपुर में बवाल, उपद्रवियों ने जमकर की तोड़फोड़
Tension in Manipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मणिपुर दौरा शुक्रवार को होना है। यह दौरा कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है। लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले चुराचांदपुर जिले में उपद्रवियों ने ऐसा हंगामा कर दिया जिसने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। स्वागत के लिए सड़क किनारे लगाए गए सजावटी ढांचे तोड़ दिए गए, कुछ को आग के हवाले भी कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में उपद्रवी खुलेआम तोड़फोड़ करते नजर आए और पुलिस की निष्क्रियता भी साफ दिखाई दी। यह घटना प्रधानमंत्री के काफिले के रास्ते पर ही हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

गुरुवार देर शाम करीब 7:45 बजे कुछ लोगों ने सड़क किनारे लगाए गए सजावटी ढांचों को तोड़फोड़ कर गिरा दिया। ये ढांचे प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए तैयार किए गए थे। खास बात यह है कि यह वही रास्ता है जिससे होकर प्रधानमंत्री का काफिला हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाला है।
ये भी पढ़ें: PM मोदी के इस नारे के कायल हुए तानाशाह Kim Jong Un? अब उत्तराधिकारी हो सकती है ये खूबसूरत GenZ लड़की!
लाठियों से लैस भीड़ का हमला
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई उपद्रवी लाठियों और डंडों से लैस होकर दो अलग-अलग जगहों पर पहुंचे और वहां तैयार की गई सजावट को तोड़ना शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और थोड़ी देर के लिए टकराव की स्थिति भी बनी, लेकिन उपद्रवी कुछ देर बाद वहाँ से चले गए।
वीडियो में दिखी आगजनी और लापरवाही
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में उपद्रवी टूटे ढांचों को आग लगाते नजर आए। वहीं एक अन्य वीडियो में देखा गया कि एक पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद था लेकिन उसने उपद्रवियों को रोकने की कोई ठोस कोशिश नहीं की और चुपचाप खड़ा रहा। इस लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कार्यक्रम स्थल से महज 2 किलोमीटर दूर
जहां यह घटना हुई, वह चुराचांदपुर के पीस ग्राउंड से केवल 2 किलोमीटर की दूरी पर है। यहीं प्रधानमंत्री मोदी 13 सितंबर को जनसभा को संबोधित करेंगे। यह उनके दौरे का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है। चुराचांदपुर से कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री का इम्फाल जाने का कार्यक्रम है, जहां वे ऐतिहासिक कांगला फोर्ट में लोगों को संबोधित करेंगे।
कुकी-जो संगठनों का विरोध
प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर कुकी-जो समुदाय के संगठन मिश्रित प्रतिक्रिया दे रहे हैं। 'कुकी इनपी मणिपुर' और 'इम्फाल ह्मार डिस्प्लेस्ड कमेटी' ने प्रधानमंत्री की यात्रा का स्वागत तो किया है लेकिन कार्यक्रम में नृत्य प्रस्तुति को शामिल करने पर आपत्ति जताई है।
संगठनों का कहना है कि अभी तक हिंसा में मारे गए लोगों का शोक खत्म नहीं हुआ है। उनका कहना है, "हमारा शोक अब तक पूरा नहीं हुआ, आंसू सूखे नहीं हैं, घाव भरे नहीं हैं। ऐसे में खुशी का नृत्य करना हमारे लिए संभव नहीं है।"
दौरे पर बढ़ा तनाव
प्रधानमंत्री का यह दौरा लंबे समय से लंबित था और स्थानीय संगठनों ने इसे "बहुत देर से आया कदम" करार दिया। लेकिन अब जिस तरह से दौरे से ठीक पहले तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। यह दौरा न केवल सुरक्षा के लिहाज से बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि मणिपुर अब भी पिछले साल हुई हिंसा की पीड़ा और विभाजन से उबर नहीं पाया है।
ये भी पढ़ें: PM Modi Manipur Visit: हिंसा के बाद पहली बार मणिपुर जाएंगे PM मोदी! दौरे से पहले इस समझौते पर होगी बात














Click it and Unblock the Notifications