Telangana Petrol Diesel Update: तेलंगाना में आखिर अचानक क्यों खाली होने लगे पेट्रोल पंप? TPDA ने दिया जवाब
Telangana Petrol Diesel Stock Update: देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों के बीच तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन (TPDA) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बड़ा बयान जारी किया है।
TPDA ने बुधवार, 25 मार्च को एक प्रेस नोट जारी कर नागरिकों को आश्वासन दिया कि राज्य और देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी प्रमुख तेल कंपनियों-HPCL, IOCL और BPCL के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही सप्लाई चेन भी पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रही है।

Panic Buying से बढ़ी समस्या, पेट्रोल पंपो पर लोगों की भीड़
TPDA के मुताबिक, हाल के दिनों में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों के कारण लोग घबराकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं और जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इस पैनिक बाइंग की वजह से बिक्री में अचानक 2.5 से 3 गुना तक की बढ़ोतरी देखी गई है। इस असामान्य मांग के चलते देश के कई रिटेल आउटलेट्स पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने की स्थिति भी बन गई है।
जिसे लोग वास्तविक किल्लत मान रहे हैं जबकि हकीकत में तेल कंपनियों के पास स्टॉक की कोई कमी नहीं है। एसोसिएशन ने नोट किया कि पिछले कुछ दिनों से ईंधन की कमी की झूठी खबरों के कारण लोग भारी संख्या में पेट्रोल पंपों पर उमड़ रहे हैं और अपनी गाड़ियों की टंकियां अनावश्यक रूप से फुल करवा रहे हैं।
TPDA Press Note से अफवाहों पर लगाम, HPCL, IOCL और BPCL के पास पर्याप्त भंडार
तेलंगाना सहित देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की अफवाहों के बीच तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन (TPDA) के अध्यक्ष एम. अमरेंद्र रेड्डी ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें।
एसोसिएशन ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है। देश की प्रमुख तेल कंपनियों इंडियन ऑयल (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। रिफाइनरी से लेकर पेट्रोल पंपों तक ईंधन पहुंचाने वाली सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है।
सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी जारी
एसोसिएशन ने एक महत्वपूर्ण सुरक्षा चेतावनी भी जारी की है। प्रेस नोट में कहा गया है कि पेट्रोल या डीजल को कैन या अन्य कंटेनरों में स्टोर करना PESO (Petroleum and Explosives Safety Organisation) के नियमों के खिलाफ है और बेहद खतरनाक हो सकता है। गलत तरीके से ईंधन का भंडारण करने से आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है।
TPDA ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैनिक बाइंग से बचें, अनधिकृत कंटेनरों में ईंधन स्टोर न करें और केवल अपनी नियमित जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। एसोसिएशन ने यह भी कहा कि अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे फैलाएं।
जिम्मेदार व्यवहार से ही सभी के लिए सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के इस बयान से साफ है कि देश में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। मौजूदा परेशानी केवल अफवाहों के कारण पैदा हुई है। ऐसे में जरूरी है कि लोग संयम बरतें और सही जानकारी के आधार पर ही निर्णय लें, ताकि अनावश्यक दिक्कतों से बचा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications