तेलंगाना: 'PM मोदी के जुमलों से थक चुके हैं लोग', KTR ने CM KCR पर हमले को लेकर अमित शाह पर किया पलटवार
KTR On Amit Shah: तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री केटी रामाराव ने मंगलवार को आदिलाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर किए गए हमले पर उन्होंने पलटवार किया।
केटी रामा राव ने अमित शाह की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत में एक राज्य का नाम बताएं, जहां प्रति व्यक्ति आय 300 प्रतिशत से अधिक बढ़ी हो। मुझे ऐसा एक भाजपा शासित या कांग्रेस शासित राज्य का नाम बताइए। तेलंगाना एक ऐसा राज्य है जो अभूतपूर्व विकास कर रहा है। मुझे एक भी भाजपा शासित राज्य का नाम बताइए, जो तेलंगाना से बेहतर प्रदर्शन किया हो।

केटीआर ने कहा कि बार-बार यहां आना, भाषण देना और लोगों को गुमराह करना तेलंगाना में काम नहीं करेगा। उनकी पार्टी ने 2018 में भी ऐसा ही किया और उनके 119 उम्मीदवारों में से 108 की जमानत जब्त हो गई। तेलंगाना में कोई भी अमित शाह या नरेंद्र मोदी की बातों को गंभीरता से नहीं लेता। एक बार फिर उनके 110 से अधिक उम्मीदवारों की जमानत जब्त होने वाली है।
आगे उन्होंने कहा कि अगर लोग अमित शाह की बातें सुनेंगे तो इसे मजाक समझेंगे। पूरा भारत और तेलंगाना जानता है कि साढ़े नौ साल में मोदी सरकार ने राज्य में एक भी शैक्षणिक संस्थान को मंजूरी नहीं दी। लोग उन 'जुमलों' से थक गए हैं जो हमें पीएम मोदी और अमित शाह से सुनने को मिलते हैं। लोग उनसे देश में महंगाई के बारे में पूछ रहे हैं।
बता दें कि आदिलाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री केसीआर का एक ही लक्ष्य है अपने बेटे केटीआर को मुख्यमंत्री बनाना। हमारा लक्ष्य आदिलाबाद में प्रत्येक आदिवासी युवाओं को रोजगार और शिक्षा और पानी उपलब्ध कराना है।
अमित शाह ने कहा कि आपके पास दो विकल्प हैं। एक केसीआर सरकार है जो अपने बेटे और बेटी के बारे में सोचती है और दूसरी तरफ आपके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो दलितों, गरीबों और आदिवासियों के बारे में सोचते हैं।
बता दें कि तेलंगाना में 119 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में 30 नवंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications