यहां हेलिकॉप्टरों पर पानी की तरह बहाया जा रहा है पैसा, 'पैसे नहीं हैं' कहने वाली कांग्रेस कर रही कितना खर्च?
Telangana Lok Sabha Election: तेलगांना में चौथे चरण में 13 मई को चुनाव है। प्रचार अभियान में अब गिनती के दिन बच गए हैं। इसलिए राजनीतिक दलों ने अपने स्टार प्रचारकों से ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम करवाने के लिए अपना पूरा दम लगा दिया है। लेकिन, इसके लिए उन्हें पानी की तरह पैसे बहाने पड़ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक तेलंगाना में अभी सात हेलिकॉप्टर मौजूद हैं, जो अलग-अलग दलों के नेताओं को चुनाव कार्यक्रमों वाली जगहों तक पहुंचा रहे हैं। इनमें से ज्यादातर दो इंजनों वाली एयर मशीनें हैं, जिसके सिर्फ 1 घंटे के लिए 6 से 6.5 लाख रुपए तक का किराया देना पड़ रहा है।

7 से 7.5 लाख रुपए प्रति घंटे तक लग रहा किराया
यही नहीं अगर ज्यादा नेताओं को ले जाना है तो पार्टियों की ओर से 8 सीटों वाले हेलिकॉर्टरों की भी डिमांड हो रही है। इसका किराया प्रति घंटे 7 से 7.5 लाख रुपए चल रहा है। इस मामले से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, 'औसतन हर पार्टी हर दिन कम से कम चार घंटे हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल कर रही हैं।'
उसके मुताबिक, कई बार तो अतिरिक्त चॉपर की भी जरूरत पड़ रही है, जिसपर अलग से खर्च बैठ रहा है। जानकारी के मुताबिक डिमांड इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि तेलंगाना के चुनावी समर में हेलिकॉप्टर कंपनियां कम से कम तीन और चॉपर को काम पर लगाने वाली हैं।
हेलिकॉप्टर का दोगुना हो गया किराया!
2019 के लोकसभा चुनावों में तेलंगाना में नेताओं के लिए अधिकतम चार हेलिकॉप्टरों की सेवाएं ली गई थीं। तब इसका किराया भी 3 लाख से लेकर 3.5 लाख रुपए प्रति घंटे तक था। लेकिन, इस बार भारी मांग को देखते हुए ऑपरेटरों ने किराया बढ़ा रखा है। इस क्षेत्र से जुड़े एक सूत्र के अनुसार कम से कम दक्षिण के किसी भी राज्य में कहीं भी एक साथ इतने हेलिकॉप्टर इस बार चुनाव अभियान में नहीं लगाए गए हैं।
पड़ोसी आंध्र प्रदेश का ही उदाहरण दिया जा रहा है। वहां लोकसभा की 25 सीटें हैं। विधानसभा का चुनाव भी साथ हो रहा है, जिसमें 175 सीटें हैं। लेकिन, सिर्फ तीन ही हेलिकॉप्टर हैं, जिसका इस्तेमाल सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, टीडीपी और जन सेना कर रही हैं।
हेलिकॉप्टरों पर खर्च करने में बीजेपी-कांग्रेस आगे
सूत्रों का कहना है कि बीजेपी और कांग्रेस अपने स्टार प्रचारकों के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं पर सिर्फ तेलंगाना में रोजाना 25 से 30 लाख रुपए खर्च कर रही हैं। बता दें कि मार्च में ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर अकाउंट फ्रीज करने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि 'हमारे पास खर्च करने के लिए पैसे नहीं हैं।'
मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु से मंगवाए गए हैं हेलिकॉप्टर
पार्टियां अपने बड़े नेताओं के लिए जिन हेलिकॉप्टरों की मांग कर रही हैं, उनमें अगस्ता वेस्टलैंड 139,169 (बड़ा हेलिकॉप्टर) और 109 (हल्के वजन का) के साथ-साथ बेल 429 ग्लोबल रेंजर शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी तो और ज्यादा महंगे हेलिकॉप्टरों की भी सेवाएं ले रही है, जो लगभग 6.5 से 7 लाख रुपए घंटे के हिसाब से किराए पर आते हैं।
इस कारोबार से जुड़े एक शख्स का कहना है, 'ज्यादातर हेलिकॉप्टर मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु की एविएशन कंपनियों से मंगवाए गए हैं। हम चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तक इसकी बहुत ज्यादा गतिविधियों की उम्मीद कर रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications