IAS के लिए 32 लग्जरी कार खरीद विवादों में तेलंगाना सरकार, विपक्षी बोले- अच्छा होता ये कोरोना मरीजों के लिए...
अफसरों के लिए 32 लग्जरी कार खरीद विवादों में तेलंगाना सरकार, विपक्षी नेता बोले- अच्छा होता ये कोरोना मरीजों के लिए...
हैदराबाद, 14 जून: तेलंगाना की के.चंद्रशेखर राव सरकार इन दिनों आईएएस अधिकारियों के लिए 32 लग्जरी कार खरीद कर विवादों में घिर गई है। तेलंगाना में चल रहे कोविड-19 संकट के बीच राज्य में आईएएस अधिकारियों के लिए मुख्यमंत्री चंद्रेशखर राव ने 32 किआ कार्निवल लग्जरी कारे खरीदी हैं। बताया जा रहा है कि हर कार की कीमत 25 से 30 लाख है। ऐसे में तेलंगाना सरकार की विपक्षी नेताओं ने आलोचना की है। कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का आरोप है कि तेलंगाना पर करीब 40 हजार करोड़ का कर्ज है, तो ऐसे में अधिकारियों के लिए लग्जरी कार खरीदने की क्या जरूरत थी। रविवार (13 जून) को तेलंगाना के परिवहन मंत्री पुववाड़ा अजय कुमार ने हैदराबाद स्थित मुख्यमंत्री आवास से इन कारों को हरी झंडी दिखाई है। इससे पहले खुद मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने इन कारों का निरीक्षण किया था।
Recommended Video

कांग्रेस नेता बोले- अच्छा होता ये कोरोना मरीजों की सुविधा के लिए होता
तेलंगाना के कांग्रेस नेता वामशी चंद रेड्डी ने सोमवार (14 जून) को इस मामले पर ट्वीट करते हुए तेलंगाना सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता ये कोरोना मरीजों के लिए किया जाता। वामशी चंद रेड्डी ने ट्वीट कर कहा, ''आशा है कि आप मरने वाले कोरोना रोगियों की सेवा करने के लिए इन्हें एम्बुलेंस समझ कर आप गलत नहीं कर रहे हैं। ये तेलंगाना सरकार द्वारा खरीदी गई कार हैं। तेलंगाना के सीएम की विलासिता को संतुष्ट करने के लिए ये कार ली गई है। हम इन शानदार कारों में से प्रत्येक के लिए खर्च की गई कीमत पर 3 एम्बुलेंस खरीद सकते हैं।''
इस कदम की तेलंगाना कांग्रेस के प्रवक्ता श्रवण दासोजू ने भी आलोचना की है। उन्होंने तेलंगाना सरकार के इस कदम को "गैर-जिम्मेदाराना खर्च" बताया है। कांग्रेस नेता ने दावा किया, "केसीआर के नेतृत्व वाली टीआरएस सरकार जनता के पैसे को संभालने में पूरी तरह से गैर जिम्मेदार है। ऐसे में केसीआर ने तेलंगाना के अधिशेष राज्य को लगभग 4 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में धकेल दिया है।

'कोरोना काल में 11 करोड़ कार पर खर्च करना कैसे उचित है?
तेलंगाना सरकार की इस कदम की आलोचना करते हुए भाजपा प्रवक्ता के कृष्ण सागर राव ने कहा कि राज्य में "नौकरशाहों को खुश करने" के लिए मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) "सार्वजनिक खजाने की आपराधिक लूट" कर रहे हैं।
के कृष्ण सागर राव ने पूछा, "मुख्यमंत्री केसीआर तेलंगाना राज्य में अतिरिक्त कलेक्टरों के लिए 32 अल्ट्रा-लक्जरी वाहन खरीदने के लिए 11 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने को कैसे उचित ठहरा सकते हैं?"
भाजपा ने मौजूदा आर्थिक स्थिति में वित्त मंत्री के न्यूनतम राजकोषीय अनुशासन पर सवाल उठाया क्योंकि उनका विभाग अल्ट्रा-लक्जरी वाहनों के लिए करोड़ों रुपये जारी कर रहा है।
कृष्णा सागर राव ने आगे कहा, "वित्त मंत्री हरीश राव ने हाल ही में बयान दिया था कि राज्य को कोरोना लॉकडाउन के साथ बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान हुआ है। इसलिए वह अधिक ऋण जुटाने के लिए राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन की सीमा बढ़ाना चाहता हैं।

कार खरीदने की जगह कोविड केयर में लगाते ये पैसे: भाजपा
भाजपा नेता कृष्णा सागर ने सुझाव दिया कि लग्जरी कार खरीदने में इस्तेमाल होने वाले पैसे का इस्तेमाल कोरोना मरीजों के लिए बेड के विस्तार या गरीबों को मुफ्त इलाज देने के लिए किया जा सकता था। उन्होंने फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की और सरकार से वाहनों की खरीद पर रोक लगाने को कहा।
उन्होंने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सरकार को नौकरशाहों के "बेरहम तुष्टिकरण" के लिए भी दोषी ठहराया और कहा है, "भाजपा जानना चाहती है कि मुख्यमंत्री केसीआर अतिरिक्त कलेक्टरों से इस बेशर्म नौकरशाहों के तुष्टिकरण के साथ क्या उम्मीद कर रहे हैं?"












Click it and Unblock the Notifications