तेलंगाना का आरोप- ICMR नहीं कर रहा मदद, 1000 वेंटिलेटर मांगने पर मिले सिर्फ 50
नई दिल्ली: केंद्र और राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। तेलंगाना भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। इस बीच वहां के स्वास्थ्य मंत्री एटाला राजेंद्र ने केंद्र सरकार और ICMR पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजेंद्र के मुताबिक सरकार ने उनके उपकरणों को पश्चिम बंगाल भेज दिया। जिस वजह से राज्य में दिक्कत हो रही है।

मीडिया से बात करते हुए एटाला राजेंद्र ने कहा कि ICMR ने कोरोना वायरस को लेकर कितनी बार गाइडलाइन बदली है। उसे इस बारे में सोचना चाहिए। हमने 1000 वेंटिलेटर मांगे थे लेकिन उन्होंने 50 वेंटिलेटर ही दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मशीन को पीएम मोदी के आदेश पर ICMR ने कोलकाता भेज दिया। मशीन का ऑर्डर हमने किया था, लेकिन वो वहां भेजे गए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से न तो उचित फंड मिल रहा है, न ही सुविधाएं। इसके बावजूद राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है।
आपको बता दें कि लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को भारत में 15 हजार से ज्यादा मामले सामने आए थे। जिसके बाद अब संक्रमित मरीजों की संख्या 4.15 लाख के पार पहुंच गई है। जिसमें 13,347 लोगों की मौत हुई है, जबकि 2,30,586 ठीक हुए हैं। ऐसे में अब देश में एक्टिव केस की संख्या 1,71,641 है। तेलंगाना में भी मामले तेजी से बढ़े हैं, जहां संक्रमित मरीजों की संख्या 7,072 हो गई है। इसमें 203 की मौत हुई है, जबकि 3,506 ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications