तेलंगाना चुनाव: कांग्रेस नेताओं पर 10 करोड़ रुपए में सीट बेचने का आरोप, जानिए कैसे पहुंचा ED तक मामला?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी तेलंगाना विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी बीआरएस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। लेकिन, खुद कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर टिकट के बदले पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
हाल ही में पार्टी से निलंबित किए गए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय कुमार ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी पर टिकट बेचने में धांधली करने और उगाही के आरोप लगाते हुए प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत दर्ज कराई है।

रेवंत रेड्डी पर 10 करोड़ में गैर-कांग्रेसी को सीट बेचने का आरोप-रिपोर्ट
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक विजय कुमार ने रेवंत रेड्डी पर गडवाल विधानसभा सीट का टिकट एक गैर-कांग्रेस को 10 करोड़ रुपए में बेचने का आरोप लगाया था, जिसके चलते ही पार्टी ने 17 अक्टूबर को उन्हें कांग्रेस से निलंबित कर दिया।
50 करोड़ देकर प्रदेश अध्यक्ष का पद खरीदने का भी लगा आरोप
विजय कुमार ने तब नाराज होकर कहा था, 'रेवंत रेड्डी नोट फॉर वोट केस में शामिल होने के लिए जाने जाते हैं और आज वे नोट के बदले सीट घोटाले में शामिल हो गए हैं।' तेलंगाना टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक रेवंत रेड्डी के खिलाफ यह अकेला मामला नहीं है। इससे पहले भोंगिर के सांसद कोमाटी रेड्डी वेंकट रेड्डी ने तब के पार्टी के तेलंगाना इंचार्ज मनिकम टैगोर पर प्रदेश अध्यक्ष का पद बेचने का आरोप लगाया था।
केटीआर के निशाने पर आए राहुल
तेलंगाना कांग्रेस पर लगे इस तरह के गंभीर आरोपों को लेकर बीआरएस ने भी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य के आईटी मंत्री और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने इसको लेकर सीधे राहुल पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नोट फॉर सीट घोटाले में शामिल- केटीआर
उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा है, 'जबकि घोटालेबाज वंश के राहुल गांधी भ्रष्टाचार पर उपदेश देते हैं, तेलंगाना कांग्रेस के नेता टीपीसीसी अध्यक्ष से जुड़े 'नोट फॉर सीट' घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत पहुंचा रहे हैं, जो पहले 'वोट फॉर नोट' घोटाले में उलझे हुए हैं।.....' उन्होंने कांग्रेस पर यह भी तंज कसा है कि शायद इसी वजह से आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कांग्रेस को खत्म करने की सिफारिश की थी।
'दाऊद इब्राहिम और चार्ल्स शोभराज से भी ज्यादा खतरनाक कांग्रेस नेता'
बाद में उन्होंने हैदराबाद में मीडिया वालों से कहा कि 'राहुल की सबसे हास्यास्पद बात ये थी कि वे कहते हैं कि तेलंगाना में करप्शन बहुत ज्यादा हो गया है.....उनके यहां जो तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, वे दाऊद इब्राहिम और चार्ल्स शोभराज से भी बहुत बड़े खतरनाक इंसान हैं.....राहुल जी नादान हैं इसलिए नहीं जानते हैं......'
उन्होंने कहा, 'बात ये है कि उनकी पार्टी के एमपी वेंकट रेड्डी ने खुद ....उनका खुद का बयान है कि ये जो आदमी है टीपीसीसी प्रेसिंडेंट उसने 50 करोड़ रुपए दिया एआईसीसी कांग्रेस के इंचार्ज को और टीपीसीसी प्रेसिडेंट (का पद) खरीद लिया...आज प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पर और भी आरोप है....वे आज यहां सीट बेचे जा रहे हैं....ईडी में एक शिकायत दर्ज हुई.....कांग्रेस लीडरों की कि इनपर कार्रवाई करो.....क्योंकि ये पैसे लेकर सीट बांट रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications