तेलंगाना: चुनाव से ठीक पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता की पत्नी भाजपा में हुई शामिल
नई दिल्ली। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी घमासान तेज होने लगा है। खास तौर से बीजेपी जिस तरह से प्रदेश में अपने पैर फैलाने की कोशिश कर रही है ऐसे में पार्टी के लिए एक अच्छी खबर आई है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की पत्नी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उनका नाम पद्मिनी रेड्डी है और वो एक सामाजिक कार्यकर्ता रही हैं। गुरुवार को वो प्रदेश पार्टी कार्यालय में बीजेपी में शामिल हुई।

पद्मिनी रेड्डी बीजेपी में हुई शामिल
बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने वाली पद्मिनी रेड्डी, तेलंगाना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी दामोदर राजनरसिम्हा की पत्नी हैं। राजनरसिम्हा अविभाजित आंध्र प्रदेश राज्य में उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। एन. किरन कुमार रेड्डी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान राजनरसिम्हा आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम थे। कांग्रेस नेता राजनरसिम्हा की पत्नी पद्मिनी रेड्डी गुरुवार को बीजेपी में शामिल हुई।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी दामोदर राजनरसिम्हा की पत्नी हैं पद्मिनी
तेलंगाना बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के. लक्ष्मण ने पद्मिनी रेड्डी को पार्टी सदस्यता दिलाते हुए कहा कि उन्होंने मेडक क्षेत्र में किए गए अपने सामाजिक कार्य से महिलाओं के बीच खुद अपनी जगह बनाई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने एक महिला (निर्मला सीतारमण) को रक्षामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी, वहीं लोकसभा के सभापति की जिम्मेदारी भी एक महिला (सुमित्रा महाजन) को दी।

सामाजिक कार्यकर्ता रही हैं पद्मिनी रेड्डी
के. लक्ष्मण ने आगे कहा कि पद्मिनी रेड्डी ने एनडीए सरकार के कार्यों की सराहना की है, इसीलिए वो बीजेपी में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं को लेकर जरूरी कदम उठाए हैं। पद्मिनी रेड्डी के पार्टी में आने से बीजेपी और मजबूत होगी। पति के कांग्रेस नेता होने को लेकर सवाल किए जाने पर पद्मिनी रेड्डी ने कहा कि उनका मानना है कि राजनीतिक क्षेत्र में काम करने व्यक्तिगत स्वतंत्रता उपलब्ध है। बता दें कि दामोदर राजनरसिम्हा प्रदेश कांग्रेस पार्टी के मेनीफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष हैं। तेलंगाना में 7 दिसंबर को विधानसभा चुनाव को लेकर वोटिंग होगी।












Click it and Unblock the Notifications