तहलका का बदला रूख, कहा तेजपाल को बचाने की कोशिश नहीं
शोभा चौधरी ने कहा कि तहलका ने मामले की जांच के लिए आंतरिक समिति का गठन कर दिया है। शोमा ने कहा कि प्रकाशक उर्वशी बुटालिया की अध्यक्षता में शिकायत समिति मामले की जांच करेगी। हमारी पूरी कोशिश होगी कि हम पीड़िता के साथ न्याय करें, हम तेजपाल को बचाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।
गौरतलब है कि तरुण तेजपाल के खिलाफ लगे सनसनीखेज आरोप सामने आने के बाद से राजनीति और पत्रकारिता जगत में बवंडर खड़ा हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक दलों और पत्रकारों ने तेजपाल की तीखी आलोचना की है और उन्हें आसानी नहीं छोड़े जाने की अपील की है।
मालूम हो कि तहलका की प्रबंधक संपादक शोमा चौधरी ने बुधवार को पत्रिका के सभी कर्मचारियों को तेजपाल का संलग्न खत ई-मेल किया। तेजपाल ने इससे पहले शोमा चौधरी को ई-मेल में लिखा, "समझदारी की चूक और परिस्थिति की गलत व्याख्या के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई, जो हमारे विश्वास और संघर्ष के खिलाफ है।"
उन्होंने लिखा, "मैं पहले ही अपने दुर्व्यवहार के लिए बिना शर्त क्षमा मांग चुका हूं, लेकिन मुझे लगता है कि अभी प्रायश्चित बाकी है। इसलिए मैं तहलका के मुख्य संपादक के पद से और कार्यालय से अगले छह महीने के लिए हटने की पेशकश कर रहा हूं।"













Click it and Unblock the Notifications