लालू से मिलने जा रहे तेजप्रताप रास्ते में पड़े बीमार, डॉक्टरी जांच में क्या निकला?
तेजप्रताप यादव की तबीयत बिगड़ते ही तुरंत डॉक्टरों को बुलाया गया और उनका चेकअप किया गया।
Recommended Video

नई दिल्ली। अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी दाखिल करने के बाद से ही सुर्खियों में बने तेजप्रताप यादव सोमवार को अचानक बीमार पड़ गए। तेजप्रताप चारा घोटाले के मामले में रांची जेल में सजा काट रहे अपने पिता से मिलने जा रहे थे, कि अचानक जहानाबाद में उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद तेजप्रताप को एक होटल में ठहराया गया और उनके चेकअप के लिए डॉक्टर को बुलाया गया। इस दौरान तेजप्रताप के कुछ खास दोस्त और एक विधायक ही उनके साथ मौजूद थे। उनकी बीमारी की खबर स्थानीय प्रशासन को मिली तो सिविल सर्जन भी उनके चेकअप के लिए पहुंचे।

चेकअप के बाद डॉक्टर ने क्या कहा?
आपको बता दें कि चारा घोटाले के अलग-अलग मामलों में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है। सोमवार को तेजप्रताप यादव आरजेडी कार्यालय पहुंचे और राजनीति में फिर से सक्रिय होने के संकेत दिए। इसके बाद तेजप्रताप यादव रांची के लिए रवाना हो गए। रास्ते में जहानाबाद में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनके चेकअप के लिए डॉक्टर को बुलाया गया। चेकअप के बाद डॉक्टरों ने बताया कि परेशानी वाली कोई बात नहीं है, डिप्रेशन की वजह से उनका बीपी डाउन हो गया है। इसके बाद तेजप्रताप रांची ना जाकर जहानाबाद के होटल में ही रुक गए और वहीं रात्रि विश्राम किया।

'वृंदावन से वरदान लेकर आया हूं'
रांची निकलने से पहले तेजप्रताप यादव ने कहा कि वो फिर से बिहार की राजनीति में सक्रिय होंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि वो 2019 में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन अपनी पार्टी को जीत दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। तेजप्रताप ने कहा कि वो वृंदावन से वरदान लेकर आए हैं और बिहार के कुरूक्षेत्र में विरोधियों पर सुदर्शन चक्र चलाएंगे। गौरतलब है कि तलाक की अर्जी दाखिल करने के बाद तेजप्रताप काफी वक्त तक मीडिया से दूर रहे और अपना ज्यादातर वक्त मथुरा-वृंदावन में ही गुजारा। पिछले दिनों बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन तेजप्रताप सदन पहुंचे थे और मीडिया से भी कुछ देर ही बात की।

तलाक पर पिता से मदद लेना चाहते थे तेजप्रताप
तेजप्रताप यादव अभी भी अपनी पत्नी से तलाक लेने के जिद पर अड़े हुए हैं। माना जा रहा है कि सोमवार को इसी मुद्दे पर पिता की मदद लेने के लिए तेजप्रताप अपने पिता लालू यादव से मिलने जा रहे थे। तेजप्रताप यादव के तलाक की अर्जी के बाद इस विवाद से तेजस्वी यादव भी खासे परेशान नजर आ रहे हैं। दरअसल, तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय बिहार के एक बड़ी सियासी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके दादा बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और पिता बिहार सरकार में मंत्री। वर्तमान में भी ऐश्वर्या के पिता आरजेडी के विधायक हैं। बीच में यह खबर भी आई थी ऐश्वर्या को लोकसभा का चुनाव लड़वाया जाएगा। तेजस्वी यादव की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि अगर तेजप्रताप यादव के तलाक का मामला ना सुलझा, तो पार्टी में बिखराव हो सकता है। परिवार में चल रहे विवाद का असर कहीं ना कहीं पार्टी पर पड़ना तय है।












Click it and Unblock the Notifications