Indigo में तकनीकी खराबी, Air India को बम की धमकी, एक दिन-दो बड़ी घटनाएं, सुरक्षा के लिए उठाए जरूरी कदम
Air India bomb threat: भारत की दो प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो (IndiGo) और एयर इंडिया (Air India) - की उड़ान सेवाएं दो अलग-अलग घटनाओं के कारण प्रभावित हुईं। एक ओर जहां इंडिगो की चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते रद्द करनी पड़ी, वहीं एयर इंडिया की बर्मिंघम से दिल्ली आ रही फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद सऊदी अरब के रियाद डायवर्ट किया गया।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 146 को चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होना था। मगर उड़ान से पहले की जाने वाली अनिवार्य प्री-फ्लाइट जांच के दौरान पायलट ने तकनीकी खराबी को महसूस किया। जैसे ही यह समस्या सामने आई, एयरलाइन ने तुरंत सुरक्षा मानकों के तहत विमान को रद्द करने का फैसला किया। यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार कर टर्मिनल में वापस भेज दिया गया।

एयरलाइन ने पुष्टि की कि यात्रियों को या तो वैकल्पिक फ्लाइट्स में समायोजित किया गया या फिर उन्हें पूर्ण रिफंड का विकल्प दिया गया। इंडिगो ने अपने बयान में कहा, "हम यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हैं और किसी भी तकनीकी संदेह को नजरअंदाज नहीं करते।"
बम की धमकी के बाद रियाद में आपात लैंडिंग
एयर इंडिया की फ्लाइट AI114, जो बर्मिंघम से दिल्ली आ रही थी, को उस समय गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ा जब विमान के लैवेटरी के पास एक लिखी हुई नोट में बम की धमकी मिलने की बात सामने आई। क्रू मेंबर्स ने तुरंत ग्राउंड कंट्रोल को जानकारी दी और आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल को सक्रिय किया। विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर उतारा गया, जहां स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी जांच की।
सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार कर होटल में ठहराने की व्यवस्था की गई। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा. "हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं और उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था कर रहे हैं।"
हालिया घटनाओं के बाद एयरलाइनों में सतर्कता बढ़ी
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब भारतीय विमानन उद्योग तकनीकी गड़बड़ियों और मौसम संबंधी कारणों के चलते कई उड़ानों को रद्द या पुनः निर्धारित (reschedule) कर रहा है। हाल ही में अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान की दुर्घटना के बाद से सभी एयरलाइनों ने सावधानी और सुरक्षा मानकों को और सख्त कर दिया है। शनिवार को भी दिल्ली से पटना जा रही एक एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) की उड़ान को खराब मौसम के चलते वाराणसी डायवर्ट किया गया। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर विमान ने पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
सुरक्षा व्यवस्था में सतर्कता
एयर इंडिया ने यह भी बताया कि उसने पूर्व उड़ान सुरक्षा जांच को और कड़ा कर दिया है और अस्थायी रूप से कुछ सेवाओं में कटौती की है ताकि संचालन में स्थिरता बनी रहे। उन्होंने यह भी बताया कि मध्य पूर्व के ऊपर हवाई क्षेत्र बंद होने, यूरोप और पूर्व एशिया में एयर ट्रैफिक कर्फ्यू और भीड़ के चलते उड़ानों में देरी या रद्द होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
इन दोनों घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि एयरलाइंस किसी भी परिस्थिति में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करतीं। चाहे वह तकनीकी खराबी हो या सुरक्षा का गंभीर खतरा - इंडिगो और एयर इंडिया दोनों ने तत्काल निर्णय लेकर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
यात्रियों को जहां एक ओर थोड़ी असुविधा हुई, वहीं एयरलाइनों की त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता ने एक बड़ी आपदा को टाल दिया। यह उदाहरण है कि भारत की विमानन सेवाएं सुरक्षा मानकों और आपात प्रबंधन में विश्वसनीय हैं।












Click it and Unblock the Notifications