चंद्रबाबू नायडू ने बुलाई आपात बैठक, हो सकता है भाजपा के साथ गठबंधन के अंत का ऐलान
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले एक के बाद एक भारतीय जनता पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी होती नजर आ रही है, पहले एनडीए के सहयोगी शिवसेना ने अलग से चुनाव लड़ने की धमकी दी है तो अब टीडीपी भी अपनी राह अलग करने का मन बना रही है। टीडीपी अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू एनडीए से अलग होने का मन बना रहे हैं, इस बाबत वह आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों के साथ बैठक करेंगे, जिसके बाद वह भाजपा के साथ गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर सकते हैं। यह बैठक आज अमरावती में हो सकती है।

कई प्रोजेक्ट को नहीं मिला राजस्व
मुख्यमंत्री ने यह आपात बैठक केंद्र सरकार के आम बजट पेश होने के बाद बुलाई है। दरअसल जिस तरह से आंध्र प्रदेश को बजट में खास तरजीह नहीं दी गई है, उससे नायडू खुश नहीं है, आंध्र प्रदेश के कई अहम प्रोजेक्ट के लिए बजट में राजस्व का आवंटन नहीं किया गया है, जिससे नाराज मुख्यमंत्री भाजपा के साथ गठबंधन खत्म करने का फैसला ले सकते हैं। यहां गौर करने वाली बात यह है कि 1 फरवरी को मोदी सरकार ने अपना आखिरी पूर्णकालिक बजट पेश किया है।
बजट से नाराज टीडीपी
आम बजट पेश होने के बाद टीडीपी के वरिष्ठ नेता ने कहा था कि इस बजट में आंध्र प्रदेश की अहम मांग को जगह नहीं दी गई है, हमारे लोग खुद को दरकिनार महसूस कर रहे हैं। जिस तरह से पिछले कुछ दिनों में भाजपा और टीडीपी के बीच विवाद की खबरें सामने आई थी, उसके बाद बजट एक बड़ी वजह हो सकता है जिसका हवाला देकर टीडीपी भाजपा से अलग होने का आज ऐलान कर सकती है। पिछले कुछ दिनों से चंद्र बाबू नायडू इस बात से नाराज थे कि भाजपा की केंद्र सरकार ने अपने वित्तीय मदद के वायदे को नहीं निभाया बावजूद इसके कि प्रदेश के विभाजन के बाद राजस्व की कमी है।
शर्ते नहीं मानी तो खत्म होगा गठबंधन
टीडीपी और भाजपा के बीच दोस्ती में दरार उस वक्त और बढ़ गई थी, जब भाजपा नेता खुले तौर पर टीडीपी के फ्रैंडली गठबंधन के खिलाफ बयान देने लगे थे। सूत्रों की मानें तो टीडीपी इस पूरे मसले को केंद्र सरकार के पास लेकर जा सकती है, जिसके बाद आपसी सहयोग से विवादों को खत्म करने पर चर्चा की जाएगी, लेकिन अगर बावजूद इसके विवाद नहीं सुलझता है तो पार्टी के सांसद लोकसभा से अपना इस्तीफा दे देंगे और गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर देंगे।
इसे भी पढ़ें- NDA का साथ छोड़ सकते हैं चंद्रबाबू नायडू! उद्धव ठाकरे से की फोन पर बात












Click it and Unblock the Notifications