दिल्ली के 'कंट्रोल से बाहर है' तमिलनाडु...झुकेगा नहीं, स्टालिन ने अमित शाह पर साधा निशाना
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (MK Stalin) ने एक बार फिर केंद्र सरकार और खासतौर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में स्टालिन ने नीट, तीन-भाषा नीति, वक्फ कानून संशोधन और परिसीमन जैसे मुद्दों को लेकर कहा कि यह "ध्यान भटकाने की कोशिश" नहीं, बल्कि राज्यों के अधिकारों की एक संगठित लड़ाई है।
स्टालिन ने अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा, 'अगर DMK ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, तो अमित शाह को जनता के सामने इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।'उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि DMK सिर्फ तमिलनाडु के लिए नहीं, बल्कि पूरे भारत के संघीय ढांचे और राज्यों के अधिकारों के लिए आवाज उठा रही है।

'कोई भी शाह तमिलनाडु पर राज नहीं कर सकता'
अपने भाषण में स्टालिन ने कहा, 'सिर्फ अमित शाह नहीं, कोई भी शाह तमिलनाडु पर राज नहीं कर सकता। तमिलनाडु दिल्ली के नियंत्रण से बाहर है। हम आपके कानूनी जाल और बाधाओं को तोड़ देंगे।' स्टालिन का यह बयान तब आया है जब अमित शाह ने हाल ही में दावा किया था कि 2026 में बीजेपी तमिलनाडु में सरकार बनाएगी।
इस पर पलटवार करते हुए स्टालिन ने कहा कि मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि तमिलनाडु दिल्ली के सामने नहीं झुकेगा। कहा कि 2026 में केवल द्रविड़ मॉडल की सरकार बनेगी। हम दिल्ली के लिए हमेशा 'नियंत्रण से बाहर' हैं। क्या आप यहां किसी को धमकाकर और गठबंधन बनाकर जीत सकते हैं? आप जिसे लाना चाहें ला सकते हैं, हम भी देखते हैं।
स्टालिन ने बीजेपी से पूछे तीखे सवाल
- क्या केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तमिल को 'असभ्य भाषा' नहीं कहा था?
- क्या एक अन्य मंत्री ने तमिलों को आतंकी गतिविधियों से नहीं जोड़ा?
- क्या अमित शाह और प्रधानमंत्री ने पुरी मंदिर की चाबी तमिलनाडु में छिपे होने की बात नहीं कही थी?
हम गुलाम नहीं, आत्मसम्मानी लोग हैं: स्टालिन
स्टालिन ने कहा, 'हम उन लोगों में से नहीं हैं जो डरकर झुक जाएं। हमारा इतिहास आत्मसम्मान, बहादुरी और संस्कृति से भरा है। आप हमें धमकाने के लिए जो चाहें करें, लेकिन हम झुकेंगे नहीं।' उन्होंने बीजेपी पर "फूट डालो और राज करो" की नीति अपनाने का आरोप भी लगाया।












Click it and Unblock the Notifications