Tamil Nadu: भारी बारिश के कारण 4 जिलों के स्कूलों में कल छुट्टी, NDRF की टीमें तैनात, ऑरेंज अलर्ट जारी
तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण 4 जिलों के स्कूलों और कॉलेजों में कल यानी 18 दिसंबर को छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। दक्षिणी श्रीलंका तट से दूर हिंद महासागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण रविवार को कन्याकुमारी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और तेनकासी में भारी बारिश हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, थूथुकुडी में भारी बारिश जारी रहने के कारण कोविलपट्टी में एक रेलवे सबवे में पानी भर गया। इसी तरह, कन्नियाकुमारी में भारी बारिश के बाद नागरकोइल में कई सड़कों पर पानी भर गया। थूथुकुडी में पेड़ उखड़ने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की भी घटनाएं हुईं।

तिरुनेलवेली और थूथुकुडी के कलेक्टरों ने लोगों से थामिराबरानी नदी से दूर रहने का आग्रह किया है। अन्य जलाशयों में भी जल स्तर बढ़ गया है। वहीं, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की चार टीमों को बचाव उपकरणों के साथ थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्नियाकुमारी में तैनात किया जा रहा है।
कल भी भारी बारिश की आशंका
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार को तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। जिसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications