Sushant Singh Rajput:'उड़ता बॉलीवुड' की हो जांच, अकाली दल के नेता ने PM मोदी से की मांग
नई दिल्ली- सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग एंगल सामने आने के बाद पंजाब की सियासत भी गर्मा गई है। पंजाब की विपक्षी पार्टी अकाली दल ने अब ड्रग माफिया से बॉलीवुड कनेक्शन की विस्तृत जांच की मांग शुरू कर दी है। पार्टी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जांच बिठाने की गुजारिश की है। गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती का नाम ड्रग मामले से जुड़ने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पहले से ही इसकी जांच शुरू कर दी है। ऊपर से प्रवर्तन निदेशालय की जांच भी जारी है। यह ऐसा मामला है, जिसको लेकर महाराष्ट्र सरकार कुछ भी जवाब नहीं दे पा रही है कि मुंबई पुलिस ने आखिर दो महीने में किया क्या था? महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देसाई ने सुशांत की मौत के अगले ही दिन कह दिया था कि यह खुदकुशी का मामला है, लेकिन अब वह जवाब मांगे जाने पर कन्नी काटते नजर आ रहे हैं।
Recommended Video

बॉलीवुड-ड्रग माफिया गठजोड़ की हो जांच-अकाली दल
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी पूर्व लिव-इन-पार्टनर रिया चक्रवर्ती से ड्रग ऐंगल जुड़ने के साथ ही पंजाब की सियासत भी गर्म हो गई है। अब अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस मामले को लेकर बॉलीवुड के कथित ड्रग माफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सिरसा ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर बॉलीवुड और ड्रग माफिया की साठगांठ की जांच कराने की मांग की है। सिरसा ने आरोप लगाया है कि इस बॉलीवुड 'माफिया' ने ड्रग को लेकर पूरी दुनिया में पंजाब के लोगों को बदनाम करने का काम किया है, जबकि सच्चाई ये है कि बॉलीवुड खुद ड्रग की दुनिया में डूबा हुआ है। दरअसल, पंजाब विधानसभा से ठीक पहले 'उड़ता पंजाब' नाम की एक फिल्म आई थी, जिसमें यह दिखाने की कोशिश की गई थी कि पंजाब के युवा बुरी तरह से ड्रग की चपेट में हैं, लेकिन सरकार बदलने के साथ ही सारा विवाद ठंडा पड़ गया।

'उड़ता पंजाब नहीं, यह उड़ता बॉलीवुड है'
अकाली दल के नेता ने सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में हुए नए खुलासे के बाद कहा है कि वो जो पहले से कहते रहे हैं, आखिरकार वही सच साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि
'मैं सोचता हूं कि उड़ता पंजाब नहीं, यह उड़ता बॉलीवुड है।' उन्होंने आरोप लगाया कि 'बॉलीवुड और ड्रग माफिया का गठजोड़ नया नहीं है। जबकि, उड़ता पंजाब के जरिए उन्होंने पंजाब के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की थी। पूरी दुनिया में बदनाम किया 'उड़ता पंजाब' के नाम पर। लेकिन, असल में पंजाब नहीं, बॉलीवुड है इसमें शामिल। अगर ऐसा नहीं होता तो सुशांत सिंह राजपूत जैसे शख्स के साथ ऐसा नहीं होता। दोहरा चरित्र है बॉलीवुड का। अपने स्वार्थ के लिए पंजाब के लोगों को बदनाम करते हैं।'

सुशांत की बहन ने रिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
गौरतलब है कि मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सुशात सिंह राजपूत केस में प्रतिबंधित नशीली दवा के एंगल से जांच करने के लिए लिखा था। ब्यूरो के डायरेक्टर राकेश अस्थाना ने इस बात की पुष्टि भी की थी कि वो भी सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच शुरू कर रहे हैं। इस बीच रिया चक्रवर्ती के कुछ ऐसे व्हाट्सऐप मैसेज सामने आए जिसमें वो जया साहा के साथ ड्रग को लेकर चैट कर रही थीं। इसके मद्देनजर सुशांत की बहन श्वेता कीर्ति सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ फॉरन कार्रवाई की मांग की। बाद में ईडी ने जया साहा को इस मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा।

पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों से भी पूछताछ
इस बीच सुशांत की मौत की जांच कर रही सीबीआई की टीम बुधवार को उनका पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों से पूछताछ के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल पहुंची। इस केस में सुशांत के कुक नीरज सिंह से बुधवार को भी पूछताछ जारी रही और अभिनेता की बिल्डिंग के वॉचमैन को भी पूछताछ के लिए डीआरडीओ के गेस्ट हाउस लाया गया, जहां सीबीआई की टीम ठहरी हुई है। बता दें कि सुशांत की मौत 14 जून को उनके मुंबई के बांद्रा वाले अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। इस मामले में उनके पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के लोगों के साथ ही कुल 6 नामजद लोगों के खिलाफ पटना के राजीव नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उसके बाद यह केस बिहार सरकार की सिफारिश पर केंद्र ने सीबीआई को सौंप दी। 19 अगस्त को आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने यह केस पूरी तरह से सीबीआई के हवाले कर दिया, जिसके बाद से वह जांच में लगी है।












Click it and Unblock the Notifications