लोकसभा चुनाव से पहले NCP में बड़ा फेरबदल, सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल बनाए गए कार्यकारी अध्यक्ष
शरद पवार ने सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल को एनसीपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। स्थापना दिवस के मौके पर पवार ने इसका ऐलान किया।

अगले साल लोकसभा के चुनाव हैं, जिसको देखते हुए शरद पवार ने अपनी पार्टी NCP में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने शनिवार को सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने की घोषणा की।
दरअसल आज (10 जून) एनसीपी का स्थापना दिवस है। इसको लेकर आयोजित कार्यक्रम में शरद पवार ने कहा कि पार्टी को और ज्यादा मजबूत करने की जरूरत है। इसके लिए सबको मिलकर काम करना चाहिए। ऐसे में प्रफुल्ल पटेल और सुप्रिया सुले को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा रहा है। वहीं अचानक इस ऐलान को सुनकर सभी नेता और कार्यकर्ता हैरान रह गए।
इन नेताओं को भी मिली अहम जिम्मेदारी
-प्रफुल्ल पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष का पद मिला है। इसके अलावा उनको महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, महिला युवा, लोकसभा समन्वय की जिम्मेदारी भी मिली।
-सुप्रिया सुले कार्यकारी अध्यक्ष पद के साथ ही महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, महिला युवा, लोकसभा समन्वय की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।
-एनसीपी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वो ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रभारी हैं। इसके अलावा उन्हें किसान, अल्पसंख्यक विभाग का भी प्रभारी बनाया गया।
-दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी नंदा शास्त्री को दी गई।
-तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल की जिम्मेदारी फैसल को मिली है।
सुले ने शरद पवार को कहा धन्यवाद
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सुले ने ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि मैं एनसीपी अध्यक्ष की आभारी हूं। पवार साहब और सभी वरिष्ठ नेता, पार्टी के साथी, पार्टी के कार्यकर्ता और शुभचिंतकों का धन्यवाद। मैं एनसीपी को और मजबूत करने के लिए मन से काम करूंगी। हम सभी साथ मिलकर देश की सेवा करेंगे।
पद छोड़ने का किया था ऐलान
अभी कुछ दिनों पहले ही शरद पवार ने पद छोड़ने का ऐलान किया था। जिसके बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया। हालांकि एनसीपी नेताओं ने उनके साथ कई दौर की बैठकें की और उन्हें मना लिया।
अजित पवार का मामला बिगड़ा
शरद पवार के भतीजे अजित पवार को पार्टी अध्यक्ष पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्हें दरकिनार कर दिया गया। वो फिलहाल महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पार्टी के कुछ सूत्रों का कहना है कि उनके पास महाराष्ट्र की जिम्मेदारी पहले से है, इस वजह से उनको कोई दूसरी जिम्मेदारी नहीं मिली। भविष्य में उनको कोई बड़ा पद दिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications