पी चिदंबरम की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
नई दिल्ली। पूर्व गृहमंत्री और वित्तमंत्री पी चिदंबरम के खिलाफ आईएनएक्स मीडिया मामले में अग्रिम जमानत की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। पी चिदंबरम ने इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। दिल्ली हाई कोर्ट ने इससे पहले चिदंबरम की अग्रिम याचिका को खारिज कर दिया और उनके खिलाफ सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि वह इस मामले में किंगपिन यानि मुखिया हैं। जिसके बाद सीबीआई ने चिदंबरम को गिरफ्तार कर लिया था।

नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार
आईएनएक्स मीडिया मामले में चिदंबरम की अग्रिम याचिका मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट की बेंच सुनवाई करेगी, जिसकी अध्यक्षता जस्टिस आर भानुमति करेंगी। बता दें कि बुधवार को सीबीआई ने बेहद ही नाटकीय अंदाज में चिदंबरम के घर से उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें सीबीआई के मुख्यालय में रखा गया है। दिलचस्प बात यह है कि बतौर गृहमंत्री पी चिदंबरम ने सीबीआई मुख्यालय की इस बिल्डिंग का उद्घाटन जून 2011 में किया था।

26 अगस्त तक सीबीआई की गिरफ्त में
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में सीबीआई की विशेष अदालत ने पी चिदंबरम को 26 अगस्त तक की हिरासत में भेज दिया। आज सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस आर भानुमति और जस्टिस एएस बोपन्ना उनकी याचिका पर सुनवाई करेंगे। इससे पहले बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार ने चिदंबरम के वकील को बताया कि जस्टिस रंजन गोगोई ने इसम इस मामले की सुनवाई को शुक्रवार को लिस्ट किया है। बता दें कि पी चिदंबरम ने दिल्ली हाई कोर्ट के 20 अगस्त के फैसले पर स्टे की मांग की है, जिसमे कोर्ट ने चिदंबरम को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया था इनकार
गौर करने वाली बात है कि पी चिदंबरम के खिलाफ सीबीआई और ईडी ने केस दर्ज् किया है। पी चिदंबरम के वकीलों द्वारा बुधवार को कई बार कोशिश की गई कि कोर्ट इस मामले में तत्काल सुनवाई करे, लेकिन मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रंजन गोगोई ने इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को करने की बात कही थी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी चिदंबरम की याचिका पर तुरंत सुनवाई का विरोध करते हुए कहा था कि उनके पास पेपर नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications