सुप्रीम कोर्ट से इस महीने कुल 3 जज हो रहे हैं रिटायर, ऐसे बदलेंगे कॉलेजियम के चेहरे
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस केएम जोसेएफ के कार्यकाल का शुक्रवार को आखिरी दिन था। उनके अलावा जून में देश की सर्वोच्च अदालत से दो और जज रिटायर हो रहे हैं। यही नहीं इस साल दिसंबर तक इन तीनों के अलावा तीन और जजों का भी कार्यकाल पूरा हो रहा है।
जाहिर है कि जस्टिस केएम जोसेफ की तरह रिटायर होने वाले कुछ और जज भी वरिष्ठता के आधार पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाले सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम के हिस्सा हैं। इसके सदस्यों के रिटायरमेंट के साथ ही, उसमें वरिष्ठता के आधार पर अन्य जजों को शामिल होना है।

इस महीने बदलेगा कॉलेजियम का चेहरा
इस महीने रिटायर होने वाले जजों में जस्टिस एआर रस्तोगी और जस्टिस वी रामासुब्रमण्यम शामिल हैं। जस्टिस रस्तोगी 17 जून यानी शनिवार को रिटायर हो रहे हैं, जबकि जस्टिस रामासुब्रमण्यम 29 जून को रिटायर होंगे। इस महीने रिटायर होने वाले तीनों जजों में पहले दोनों सीजेआई की अगुवाई वाले कॉलेजियम के हिस्सा हैं।
दो जजों को मिलेगा कॉलेजियम में शामिल होने का मौका
इस तरह से इस महीने सीजेआई चंद्रचूड़, जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस संजीव खन्ना के साथ जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस सूर्यकांत को भी कॉलेजियम का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट का यह कॉलेजियम गर्मी की छुट्टियों के दौरान रिटायर हुए जजों की जगह पर नई नियुक्तियों की सिफारिश करेगा।
इस साल एक बार और होगा कॉलेजियम में बदलाव
लेकिन, इस साल सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम में एक और बदलाव देखने को मिलेगा। सीजेआई के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम जज जस्टिस संजय किशन कौल भी 25 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद जस्टिस अनिरुद्ध बोस सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के हिस्सा बन जाएंगे।
सीजेआई चंद्रचूड़ के कॉलेजियम की सिफारिश पर 10 जजों की हुई हैं नियुक्तियां
इस साल सुप्रीम कोर्ट से जो और जज रिटायर होने वाले हैं, उनमें जस्टिस कृष्णा मुरारी (8 जुलाई) और जस्टिस एस रवींद्र भट्ट (20 अक्टूबर) का नाम शामिल है। जहां तक सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाले कॉलेजियम का सवाल है तो उनके 11 नवंबर, 2022 को कार्यकाल संभालने के बाद से सुप्रीम कोर्ट के 10 जजों के नाम चुने गए हैं, जिनकी नियुक्तियां हुई हैं।
जस्टिस चंद्रचूड़ की अगुवाई वाले कॉलेजियम की सिफारिश पर जस्टिस दिपांकर दत्ता, जस्टिस पंकज मित्तल, जस्टिस संजय करोल, जस्टिस संजय कुमार, जस्टिस अशनुद्दीन अमानुल्लाह, जस्टिस मनोज मिश्रा, जस्टिस राजेश बिंदल, जस्टिस अरविंद कुमार, जस्टिस प्रशांत के मिश्रा और जस्टिस केवी विश्वनाथन की सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर नियुक्तियां हुई हैं।
9 और जजों की नियुक्तियों के लिए सिफारिश का मौका
लेकिन, सुप्रीम कोर्ट के जजों की रिटायरमेंट और नियुक्तियों का सिलसिला अगले साल भी जारी रहने वाला है, जब तीन जज रिटायर होने वाले हैं। 2024 में जस्टिस अनिरुद्ध बोस, जस्टिस एएस बोपन्ना और जस्टिस हिमा कोहली रिटायर होंगी। इस तरह से अभी सीजेआई के कॉलेजियम की सिफारिश पर अगले साल तक कुल 9 जजों की नियुक्तियां होनी है और 10 नवंबर, 2024 को रिटायरमेंट से पहले जस्टिस चंद्रचूड़ के लिए यह आंकड़ा 19 तक पहुंच जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications