SpiceJet की उड़ती फ्लाइट में खुली खिड़की, यात्रियों के चेहरे पर दिखा Air India हादसे जैसा खौफ!
SpiceJet News: गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान AI-171 हादसे को अभी 30 दिन भी नहीं बीते, एक वैसा ही खौफनाक मंजर फिर से सामने आ गया। जब विमान में सफर कर रहे यात्रियों के हलक तक मौत आ गई। लेकिन, गनीमत रही कि 12 जून की तरह 260 लाशों के ढेर दोबारा लगने से बाल-बाल बच गए।
इस बार, एयर इंडिया की जगह स्पाइसजेट की एयरलाइंस रही। गोवा से पुणे जा रही SpiceJet Q-400 फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान एक खिड़की का फ्रेम अचानक उखड़ गया।

यह घटना 1 जुलाई 2025 को हुई, जिसने यात्रियों को डर के मारे सकते में डाल दिया। हालांकि, स्पाइसजेट ने दावा किया कि यह एक मामूली कॉस्मेटिक फ्रेम था, जिसका विमान की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने इस घटना को सुर्खियों में ला दिया, जिसके बाद यात्रियों ने विमानन नियामक DGCA से जांच की मांग की है।
क्या हुआ था फ्लाइट में?
पुणे के मंदार सावंत, जो इस फ्लाइट में सवार थे, ने बताया कि उड़ान शुरू होने के करीब 30 मिनट बाद एक खिड़की का फ्रेम अचानक ढीला होकर गिर गया। मंदार ने कहा, 'मेरे पीछे एक महिला और उनका बच्चा बैठे थे। अचानक उनकी सीट के पास की खिड़की का फ्रेम खुल गया। महिला और बच्चा डर गए। हालांकि, खिड़की के पीछे एक सुरक्षात्मक परत थी, जो बरकरार थी, लेकिन यह बेहद डरावना अनुभव था।'
फ्लाइट अटेंडेंट ने तुरंत कार्रवाई की और महिला व बच्चे को दूसरी सीट पर शिफ्ट किया। क्रू मेंबर्स ने खिड़की को दोबारा फिट करने की कोशिश की, लेकिन यात्रियों का कहना है कि यह पूरी तरह सुरक्षित नहीं लग रहा था। मंदार ने आगे कहा, 'अगर कोई झटका लगता, तो शायद खिड़की फिर से गिर सकती थी। यह बहुत चिंताजनक था।'
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
एक यात्री ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया और DGCA को टैग करते हुए लिखा, 'स्पाइसजेट की गोवा-पुणे फ्लाइट में खिड़की का पूरा इंटीरियर फ्रेम बीच हवा में गिर गया। यह विमान अब जयपुर के लिए उड़ान भरने वाला है। क्या यह उड़ान के लिए सुरक्षित है?' इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया, जिसके बाद लोग स्पाइसजेट और DGCA से सवाल पूछने लगे।
स्पाइसजेट का बयान: 'सुरक्षा पर कोई असर नहीं'
स्पाइसजेट ने इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि यह एक 'गैर-संरचनात्मक कॉस्मेटिक फ्रेम' था, जो केवल सजावटी उद्देश्य (छाया के लिए) से लगाया गया था। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बयान में कहा, 'क्यू400 विमान में खिड़कियों की कई परतें होती हैं, जिनमें एक मजबूत दबाव-सहने वाला बाहरी शीशा शामिल है। यह घटना विमान की संरचनात्मक अखंडता या यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित नहीं करती। पूरी उड़ान के दौरान केबिन का दबाव सामान्य रहा।'
स्पाइसजेट ने यह भी बताया कि विमान के पुणे पहुंचने पर मानक रखरखाव प्रक्रिया के तहत फ्रेम को ठीक कर दिया गया। प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि इस तरह की घटना से यात्रियों की सुरक्षा पर कोई खतरा नहीं था।
यात्रियों की नाराजगी, DGCA से जांच की मांग
यात्रियों ने स्पाइसजेट के इस दावे पर सवाल उठाए हैं। X पर एक यूजर ने लिखा, 'कॉस्मेटिक फ्रेम कहकर एयरलाइन इसे हल्का नहीं कर सकती। अगर खिड़की का हिस्सा हवा में उखड़ सकता है, तो यह विमान की रखरखाव प्रक्रिया पर बड़ा सवाल है।' कई यात्रियों ने DGCA से इस मामले की गहन जांच की मांग की है, ताकि यह सुनिश्चित हो कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
हाल की घटनाओं से बढ़ी चिंता
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में एयर इंडिया की एक फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी की खबरें सामने आई थीं। विमानन क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यात्रियों के बीच डर और अविश्वास पैदा कर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय विमानन कंपनियों को अपने रखरखाव और सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की जरूरत है।
स्पाइसजेट की इस घटना ने एक बार फिर भारतीय विमानन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। भले ही एयरलाइन ने इसे मामूली बताया हो, लेकिन हवा में खिड़की का फ्रेम उखड़ना यात्रियों के लिए डरावना अनुभव था। अब सभी की नजर DGCA की जांच और स्पाइसजेट की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर है। यह घटना विमानन कंपनियों के लिए एक चेतावनी है कि सुरक्षा और रखरखाव में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें- जून 2025 बना Air India का काला महीना! हादसे में गई 260 जाने तो कहीं मौत को छूकर लौटी जिंदगियां, कब-कब हुई चूक?












Click it and Unblock the Notifications