सोनिया गांधी की सुषमा स्वराज के पति को चिट्ठी, आज उनका जाना बहुत खल रहा
नई दिल्ली। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की मौत के बाद उनके पति स्वराज कौशल को चिट्ठी लिख दुख जाहिर किया है। साथ ही उनसे अपने दोस्ती को भी याद किया है। मंगलवार रात सुषमा के निधन के बाद आज सोनिया ने स्वराज कौशल को लिखे पत्र में कहा, दुख की इस घड़ी में आपके और बांसुरी के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर आपको यह क्षति बर्दाश्त करने की शक्ति दे।

मिलनसार थीं सुषमा: सोनिया
सोनिया गांधी ने चिट्ठी में लिखा, आपकी प्रिय पत्नी के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। सुषमा स्वराज जी एक नैसर्गिक प्रतिभा वाली महिला थीं। उन्होंने जो भी पद संभाला उस पर रहते हुए उन्होंने साहस, प्रतिबद्धता, समर्पण और योग्यता का परिचय दिया। वह बहुत ही मिलनसार थीं और समाज के सभी तबकों के लोगों के साथ उनका गर्मजोशी भरा रुख होता था।

कम उम्र में चली गईं सुषमा: सोनिया गांधी
चिट्ठी में सोनिया लिखती हैं, सुषमा जी एक शानदार वक्ता और सांसद थीं। उनका दोस्ती का बर्ताव ऐसा था कि सारे राजनीतिक परिदृश्य में उन्हें सबका प्यार और प्रशंसा मिली। लोकसभा में कई सालों तक सहयोगी के तौर पर हमने काम किया और हमारे बीच एक गर्मजोशरी भरा संबंध बना। आज मुझे एक बड़े नुकसान का आभास हो रहा है। वह बहुत कम उम्र में हमें उस वक्त छोड़कर चली गईं जब उन्हें अभी सार्वजनिक जीवन में रहकर बहुत योगदान देना था। इसको देखते हुए उनका निधन और दुखद है।

राजनीतिक प्रतिद्वन्दता का नहीं पड़ा सोनिया-सुषमा के रिश्ते पर असर
सोनिया गांधी और सुषमा स्वराज काफी समय तक संसद में साथ रहीं। दोनों एक दूसरे की प्रतिद्वन्दी रहीं। एक दूसरे की आलोचना की और आमने-सामने चुनाव भी लड़ा। इस सबकते बावजूद दोनों के बीच अच्छा रिश्ता बना रहा। स्वराज की मौत के बाद सोनिया गांधी केी चिट्ठी भी इसको दिखाती की है। लोकसभा में नेता विपक्ष, विदेश मंत्री और दिल्ली की मुख्यमंत्री जैसे पदों पर रहीं सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वह 67 वर्ष की थीं।












Click it and Unblock the Notifications