जम्मू कश्मीर : अनंतनाग में हुई पत्थरबाजी में सेना का जवान शहीद
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में सेना के काफिले पर गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की। इस पत्थरबाजी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है। इस घटना में शहीद हुए जवान की पहचान राजेद्र सिंह के तौर पर हुई है। वह क्विक एक्शन टीम का हिस्सा थे। गुरुवार को उनकी टीम पर अनंतनाग बायपास पर पत्थरबाजों ने हमला किया। इसी हमले में एक पत्थर राजेंद्र सिंह के सिर में लगा। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

सेना के अधिकारी ने बताया कि, गुरुवार शाम 8 बजे अनंतनाग में एनएच-44 पर जब सेना की गाड़ी गुजर रही थी, तभी अचानक कुछ पत्थरबाजों ने वाहन पर हमला कर दिया औऱ पत्थरबाजी करने लगे। पत्थरबाजी के दौरान एक पत्थर सीधा राजेंद्र सिंह के सिर पर जा लगा। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी गंभीर चोट को देखते हुए बेस हॉस्पिटल रवाना कर दिया गया। जहां शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले राजेंद्र सिंह उस टीम का हिस्सा थे, जो बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन को सुरक्षा देने का काम करती है। राजेन्द्र सिंह ने दो साल पहले ही साल 2016 में आर्मी ज्वाइन की थी। आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षाबल जब आतंकवादियों को घेरते हैं तब ये पत्थरबाज उनकी बचाव में आ जाते हैं और सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंकते हैं।
शुक्रवार को एक इसी तरह के एक अभियान में सुरक्षा बलों ने सोपोर में दो आतंकवादियों को मार गिराया। गोलीबारी के दौरान लांस नायक शहीद हो गए। लांस नायक बृजेश कुमार (32) हिमाचल के नानाविन के रहने वाले थे। उन्होंने 2004 में आर्मी ज्वाइन की थी। सेना के अफसरों ने शहीदों को सैनिक सम्मान के साथ आखिरी विदाई दी।












Click it and Unblock the Notifications