'मैंने प्रियंका गांधी को अमेठी में नमाज पढ़ते देखा', कर्नाटक चुनाव के बीच स्मृति ईरानी का नया दावा
karnataka assembly elections के बीच स्मृति ईरानी ने दावा किया कि उन्होंने प्रियंका गांधी को नमाज पढ़ते हुए देखा था। जिससे सियासत गर्मा गई है।

कर्नाटक में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं, जहां केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने राज्य की जनता से बीजेपी को वोट देने की अपील की। साथ ही कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी पर जमकर निशाना साधा।
इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने दावा किया कि उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा को अमेठी में नमाज पढ़ते हुए देखा। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग इस्लाम में आस्था रखते हैं और नमाज अदा करते हैं, वे मूर्ति पूजा नहीं करते हैं और शायद यही कारण है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राम मंदिर के निर्माण की अनुमति नहीं दी।
वहीं कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बजरंग दल को बैन करने का वादा किया। इस पर स्मृति ईरानी ने कहा कि पीएफआई जैसे संगठन आतंकी साजिश में शामिल थे, उनकी तुलना बजरंग दल से करना गलत है। कांग्रेस हिंदू विरोधी है।
वहीं हाल ही में एक रैली के दौरान पीएम मोदी ने 'बजरंग बली' के नारे लगाए। इसकी शिकायत कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की। जिस पर ईरानी ने कहा कि बजरंग बली का नाम लेने से जो लोग नाराज हो रहे, वो हिंदुओं से कितना चिढ़ते होंगे? रामभक्तों के खिलाफ सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही बोल सकती है।
पहले लगाया था ये आरोप
इससे पहले 2019 के चुनाव में भी ईरानी ने यही दावा किया था। उन्होंने उस वक्त कहा था कि प्रियंका गांधी अमेठी में वोट के लिए नमाज पढ़ती हैं। इसके बाद वो महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने जाती हैं।
यूनिफॉर्म सिविल कोड पर कही ये बात
वहीं एक अन्य इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने कर्नाटक में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि हमारे मेनिफेस्टो में यूनिफॉर्म सिविल कोड है। इससे हर वर्ग की महिलाएं मजबूत होंगी। इसके अलावा हमने साल में तीन सिलेंडर फ्री देने का वादा किया। उन्होंने कांग्रेस को एक भ्रष्ट पार्टी बताया।












Click it and Unblock the Notifications