Delhi: गणतंत्र दिवस से पहले पश्चिम विहार इलाके में दीवारों पर लिखे मिले खालिस्तान जिंदाबाद के नारे
सुमन नलवा ने कहा कि दिल्ली पुलिस का हर वर्ग यह सुनिश्चित कर रहा है कि गणतंत्र दिवस नजदीक आने से पहले कोई गलत गतिविधि न हो। इससे हमारी सुरक्षा प्रभावित नहीं होती है।

Khalistan Zindabad Slogans: दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार को एक दीवार पर 'खालिस्तान जिंदाबाद' और 'रेफरेंडम 2020' के नारे लिखे नजर आए। पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार पर लिखे नारे को हटवाए। दिल्ली पुलिस के पीआरओ सुमन नलवा ने कहा कि कुछ लोगों ने दिल्ली में कुछ जगहों पर देश-विरोधी, खालिस्तान-संबंधी नारे दीवार पर लिख दिए थे। यह सुरक्षा से जुड़ा मसला नहीं है। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुमन नलवा ने कहा कि दिल्ली पुलिस का हर वर्ग यह सुनिश्चित कर रहा है कि गणतंत्र दिवस नजदीक आने से पहले कोई गलत गतिविधि न हो। इससे हमारी सुरक्षा प्रभावित नहीं होती है। चूंकि एसएफजे (सिख फोर जस्टिस) एक प्रतिबंधित संगठन है, इसलिए यह खुद को उजागर करने की कोशिश कर रहा है, वे खबरों में बने रहना चाहते हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि पश्चिम विहार इलाके में दीवार पर खालिस्तानी समर्थक नारों को चित्रित करने के संबंध में स्पेशल सेल द्वारा धारा 153-बी और 120-बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। वहीं, विकासपुरी, जनकपुरी, पश्चिम विहार, पीरागढ़ी और पश्चिमी दिल्ली के अन्य हिस्सों के इलाकों में भी दीवारों पर आपत्तिजनक नारे दिखाई दिए। सूचना के आधार पर स्पेशल सेल ने मामला दर्ज किया है।
Recommended Video
वहीं, इससे पहले पंजाब के बठिंडा में खालिस्तान समर्थक स्लोगन दीवारों पर लिख दिए थे। पता चलने पर बठिंडा पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी थी। थर्मल पुलिस स्टेशन के एसएचओ हरजोत सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया था कि खालिस्तान समर्थक स्लोगन बठिंडा में रेलवे लाइन के पास फ्लाईओवर के नीचे एक दीवार पर लिखे दिए थे।
एसएचओ हरजोत सिंह ने कहा था कि पंजाब में इससे पहले भी खालिस्तान समर्थक स्लोगन लिखे जा चुके थे। 2 अक्टूबर को भी बठिंडा में खालिस्तान समर्थक और भारत विरोधी नारे लिखे गए थे। आतंकी संगठन के सरगना गुरपतवंत पन्नू ने इसके लिए एक वीडियो क्लीप भी जारी किया था।
यह भी पढ़ें- पंजाब: तरनतारन थाने पर रॉकेट लांचर से हमला, खालिस्तान समर्थक आतंकियों और ISI पर शक












Click it and Unblock the Notifications