सिंगर अरिजीत सिंह की मां की तबीयत बिगड़ी, ब्लड डोनर की जरूरत, एक्ट्रेस ने किया Tweet
कोलकाता, 06 मई। तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है, क्या आम और क्या खास हर कोई बेहद परेशान है। बॉलीवुड के कई नामचीन सितारे कोरोना की चपेट में हैं तो वहीं गुरुवार को एक और खबर ने लोगों को परेशान कर दिया है। दरअसल मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह की मां की तबीयत चिंताजनक है और वो कोलकाता के अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें ब्लड डोनर की जरूरत है।

उनके बारे में ये जानकारी 'दिल बेचारा' की अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी ने दी है। उन्होंने इस बारे में एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि 'गायक अरिजीत सिंह की मां की तबीयत खराब है और उन्हें A- ब्लड की जरूरत है। ब्लड डोनर पुरुष ही होना चाहिए, उनकी मां कोलकाता के AMRI, ढाकुरिया अस्पताल में भर्ती हैं। '
अरिजीत सिंह की मां की हालत गंभीर
स्वास्तिका ने ये ट्वीट आज सुबह 10 बजकर 7 मिनट पर किया है। अब अरिजीत सिंह की मां की तबीयत क्यों और कैसै खराब हुई है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। अरिजीत की मां कोविड संक्रमित हैं या नहीं, इस बारे में भी कोई जानकारी अभी नहीं मिली है।
मालूम हो कि देश इस वक्त कोरोना संकट से जूझ रहा है। बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से चरमरा गई हैं। मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर्स, बेड्स, वेटिंलेटर्स नहीं मिल पा रहा है। चारों ओर कोहराम मचा हुआ है, हालांकि मुसीबत की इस घड़ी में कई मित्र देशों ने भारत की ओर मदद के लिए कदम बढ़ाए हैं और आवश्यक चीजों को भेजा जा रहा है।

गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में देश में 4,12,262 नए कोरोना के केस सामने आए हैं , जो कि अब तक के सबसे अधिक आंकड़े हैं। तो वहीं बीते 24 घंटों में कोरोना से 3,980 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2,10,77,410 हो गई और कुल मौतों का आंकड़ा 2,30,168 पहुंच गया है।, देश में एक्टिव केस 35,66,398 हैं, जबकि 1,72,80,844 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि देश में अब तक 16,25,13,339 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लग चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications