'दीदी' के नेता ने भोजपुरी स्टार से पूछे कड़े सवाल, निशाने पर रहे मोदी और शाह
लोकसभा चुनाव नजदीक है और पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 195 कैंडिडेट्स वाले इस लिस्ट में भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के कोयलांचल क्षेत्र आसनसोल से टिकट मिला था।
पवन सिंह के पिता यहां काम करते थे इस आधार पर पवन सिंह को यहां से टिकट पार्टी की ओर से दिया गया था। पवन सिंह के गानों में बंगाली महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के कारण पवन को टिकट मिलते ही बवाल बढ़ने लगा। इसके बाद पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।

पवन सिंह ने आसनसोल सीट से चुनाव लड़ने से तो इनकार कर दिया है लेकिन अब भी विवाद पार्टी का पीछा नहीं छोड़ रहा। पवन को टिकट देने के बीजेपी के फैसले पर अब आसनसोल के पूर्व सांसद और वर्तमान में ममता कैबिनेट में मंत्री बाबुल सुप्रियो ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कभी भी बंगाल और बंगालियों की भावनाओं को नहीं समझा है।
'पवन ने गानों में बंगाली महिलाओं का अपमान किया'
बाबुल सुप्रियो ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, "मेरी पवन सिंह से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन उनके गानों में जब बंगाली महिलाओं का अपमान किया गया है तो उन्हें टिकट देना बीजेपी की मानसिकता को दिखाने वाला है।"
उन्होंने कहा, "पवन सिंह से बात किए बगैर बीजेपी ने अपनी पहली सूची में उन्हें जगह नहीं दी थी। निश्चित तौर पर उनकी सहमति ली गई थी, लेकिन जब टीएमसी ने इसे लेकर आपत्ति जताई तो उन्हें कदम पीछे हटाने पड़े।"
'पवन से जबरदस्ती ट्वीट करवाया गया'
पवन सिंह ने ट्वीट कर आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। इसे लेकर भी बाबुल सुप्रियो ने सवाल उठाए। उनका कहना है, "यह ट्वीट पवन सिंह से जबरदस्ती करवाया गया है क्योंकि रविवार की सुबह तक बीजेपी नेता अमित मालवीय और पवन सिंह टीवी चैनलों को इंटरव्यू देकर आसनसोल में उम्मीदवारी को लेकर खुशी जाहिर कर रहे थे।"
'मेरी पवन सिंह से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं'
बाबुल सुप्रियो ने कहा, "मेरे मन में उनके (पवन सिंह) खिलाफ या एक कलाकार के रूप में कुछ भी दुर्भावना नहीं है। लेकिन विशेष रूप से एक व्यक्ति के वीडियो और फिल्मों में बंगाली महिलाओं को निशाना बनाया जाता है तो बीजेपी कैसे ऐसे किसी व्यक्ति को आसनसोल से मैदान में उतार सकती है...इस ट्वीट से साफ है कि जानबूझकर ऐसा ट्वीट करने को कहा गया है। बीजेपी के लिए उम्मीदवारों से बात किए बिना अपनी पहली सूची जारी करना असंभव है।"












Click it and Unblock the Notifications