Sikkim: प्रेम सिंह तमांग के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही पत्नी ने दिया इस्तीफा, सामने आई वजह
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पत्नी कृष्णा कुमारी राय ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह नामची सिंघीथांग विधानसभा सीट से विधायक थीं, लेकिन उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा है। विधायक पद की शपथ लेने के एक दिन पहले कृष्णा कुमारी ने इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि कृष्णा कुमारी ने सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने एसडीएफ उम्मीदवार बिमल राय को पांच हजार से अधिक वोटों से हराया था। कुष्णा कुमारी को 7907 वोट मिले थे, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी एसडीएफ उम्मीदवार को 2605 वोट मिले थे। ऐसे में कृष्णा कुमारी ने 5302 वोटों के अंतर से चुनाव जीता था।

अपनी पत्नी के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि उन्होंने पार्टी के कल्याण के लिए इस्तीफा दिया है। पार्टी के सर्वसम्मत निर्णय के अनुरूप ही कृष्णा कुमारी ने अपनी सीट को खाली किया है। पार्टी की संसदीय कमेटी के अनुरोध पर उन्होंने चुनाव लड़ा था। मुख्यमंत्री ने पार्टी की ओर से कृष्णा कुमारी के अटूट समर्थन के लिए आभार प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री ने नामची सिंघीथांग निर्वाचन क्षेत्र के निवासियों से कहा कि मैं आपको भरोसा देता हूं कि आपको एक सच्चा और समर्पित विधायक मिलता रहेगा, जो आपके लिए हमेशा समर्पित भाव से काम करेगा। बता दें कि सिक्किम विधानसभा चुनाव में एसकेएम ने विधानसभा की 32 में से 31 सीटों पर जीत दर्ज की है। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की लहर में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के कई बड़े चेहरों को हार का मुंह देखना पड़ा। पूर्व सीएम पवन कुमार भी दोनों विधानसभा सीटों पर चुनाव हार गए। जबकि भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया को भी चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications