PM मोदी की मिमिक्री के लिए मशहूर श्याम रंगीला के Video पर मचा बवाल, क्यों हो रही FIR की मांग?
श्रीगंगानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने वाले मशहूर कॉमेडियन श्याम रंगीला को इन दिनों अपने एक वीडियो को लेकर विवादों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, देश में पेट्रोल के दाम कई शहरों में शतक लगा चुका है, ऐसे में विपक्षी दल सहित कई लोग केंद्र सरकार के प्रति अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं। इसी क्रम में श्याम रंगीला ने भी पीएम मोदी की मिमिक्री करते हुए बढ़ती पेट्रोल की कीमतों पर तंज कसते हुए एक वीडियो बनाया।

श्याम रंगीला के वीडियो से मची खलबली
इस वीडियो को लेकर अब कॉमेडियन श्याम रंगीला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक श्याम रंगीला पर मुकदमा भी दर्ज हो सकता है। लेकिन सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर श्याम रंगीला ने वीडियो में ऐसा क्या कहा जिसको लेकर इतना हंगामा मचा हुआ है। आपको बता दें कि कॉमेडियन का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे उन्होंने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया।

पंप संचालक ने की एफआईआर की मांग
राजस्थान के श्रीगंगानगर शहर में पेट्रोल के दाम 100 रुपए के पार पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि श्याम रंगीला का वायरल वीडियो श्रीगंगानगर में हनुमानगढ़ रोड पर स्थित पेट्रोल पंप का है। वीडियो में श्याम रंगीला एक पेट्रोल पंप पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अब पंप संचालक सुरेंद्र अग्रवाल ने कॉमेडियन के खिलाफ शुक्रवार को सदर थाने में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर एफआईआर नहीं दर्ज की गई तो पंप की पेट्रोल- डीजल की सप्लाई रोक दी जाएगी।

'पत्रकार बनकर किया था कॉल'
पंप संचालक सुरेंद्र अग्रवाल ने दावा किया कि श्याम रंगीला ने उन्हें पत्रकार बनकर फोन किया और पंप पर फोटो लेने की बात कही। इसके बाद 17 फरवरी की शाम 5.30 बजे के करीब कुछ लोग बाईक पर आए, इस समय पंप पर भीड़ होती है जिस वजह से कर्मचारियों का ध्यान उनपर नहीं गया और इस वीडियो को रिकॉर्ड किया गया। सुरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कंपनी से माफी मांग ली है, साथ ही तत्कालीन दो कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया गया है।

श्याम रंगीला ने क्या कहा?
आपको बता दें कि पंप संचालक सुरेंद्र अग्रवाल की मांग पर कॉमेडियन श्याम रंगीला ने भी ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'कम्पनी को ऐसी क्या तकलीफ हो गयी जो संचालक को तेल नहीं भेज रही है? मैंने ऐसा क्या बोला है जिस से कम्पनी की भावना को ठेस पहुंची है ? ऐसी कोनसी मजबूरी है जो उनको माफी नहीं कार्यवाही चाहिए? चलिए कर लीजिए कार्यवाही।' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कटाक्ष करते हुए लिखा, 'मेरे वीडिओ से पेट्रोल की भावना आहत हो गयी, मैं पेट्रोल से माफी मांगता हूं।
यह भी पढ़ें: लाल किला हिंसा: लक्खा सिंह सिधाना ने VIDEO जारी कर दिल्ली पुलिस को दिया खुला चैलेंज, किया ये बड़ा ऐलान












Click it and Unblock the Notifications