नोएडा से मेरठ तक गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी ने 4 दिन के अंदर बदली थी 15 गाड़ियां, जानें कैसे हुई धरपकड़
नई दिल्ली, अगस्त 10। नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी के अंदर एक महिला के साथ मारपीट और गालीगलौज करने वाला श्रीकांत त्यागी अब पुलिस की गिरफ्त में है। मंगलवार को यूपी पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ से धर लिया था, जिसके बाद उसे सूरजपुर कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस बीच श्रीकांत त्यागी को लेकर पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है।

4 दिन के अंदर बदली 15 गाड़ियां और 2 फोन
पुलिस ने बताया है कि श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ मारपीट और अभद्रता बीते शुक्रवार को की थी और तभी से वो लगातार फरार चल रहा था। इस दौरान उसने दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में कई ठिकाने बदले और करीब 15 बार अपनी गाड़ी भी बदली ताकि वो पुलिस को चकमा दे सके। 4 दिन के अंदर श्रीकांत त्यागी ने गाड़ियों के अलावा 2 बार अपना मोबाइल में चेंज किया था। ताकि उसकी लोकेशन को पुलिस ट्रैक नहीं कर पाए।

दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में घूमता रहा श्रीकांत
आपको बता दें कि ओमैक्स सोसाइटी में महिला को गाली और धक्कामुक्की करने के बाद श्रीकांत त्यागी को यह अंदाजा हो गया था कि उसके खिलाफ पुलिस की कार्रवाई हो सकती है, इसलिए वो पहले ही अंडरग्राउंड हो गया था। नोएडा से जाने के बाद श्रीकांत त्यागी दिल्ली आया फिर यूपी गया और फिर उत्तराखंड में भी कुछ समय के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार में रहा। इससे पहले कि पुलिस उसे पहाड़ी राज्य में पकड़ पाती, वह फिर से यूपी के लिए निकला और सहारनपुर पहुंचा। इसके बाद बागपत और आखिर में वो मेरठ चला गया। मेरठ में श्रीकांत त्यागी अपने एक दोस्त के यहां ठहरा हुआ था, लेकिन पुलिस ने उसे धर लिया।

देश छोड़ने की फिराक में था श्रीकांत!
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला के साथ गालीगलौज और मारपीट करने के बाद श्रीकांत सीधे दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने तक उसे पता चल गया था कि उसका गाली देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह देख श्रीकांत ने एयरपोर्ट वाले प्लान को ड्रॉप कर दिया और फिर अंडरग्राउंड हो गया। श्रीकांत के अंडरग्राउंड होने के बाद नोएडा पुलिस की आठ टीमें उसकी तलाश के लिए काम पर लगाईं गईं। इसके बाद यूपी स्पेशल टास्क फोर्स की भी चार टीमें श्रीकांत को खोजने में लग गई थी।









Click it and Unblock the Notifications